जन्मदिन विशेष/-
भंडारा-गोंदिया की राजनीति में यदि पिछले कुछ महीनों में किसी एक नाम की सबसे अधिक चर्चा हुई है, तो वह है राज्यसभा सांसद राजेन्द्र जैन। कभी कार्यकर्ताओं के बीच “राजू भैया”, परिवारों में “राजू मामा” और अब समर्थकों की जुबान पर सम्मान के साथ “साहेब”। यह केवल संबोधन का बदलाव नहीं, बल्कि उनकी बढ़ती राजनीतिक स्वीकार्यता, प्रभाव और कद की कहानी भी है।
राज्यसभा सांसद बनने के बाद राजेन्द्र जैन के राजनीतिक जीवन ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। भंडारा-गोंदिया जिले में उनका लगातार स्वागत, अभिनंदन और सम्मान समारोहों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ऐसा प्रतीत होता है कि उनका एक कदम गोंदिया में होता है तो दूसरा मुंबई अथवा नई दिल्ली में। कभी संसद भवन में क्षेत्रीय और जनहित के मुद्दों को मुखरता से उठाते नजर आते हैं, तो कभी केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर विकास कार्यों की पैरवी करते दिखाई देते हैं। उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार सामने आ रही तस्वीरें उनके सक्रिय राजनीतिक जीवन और नई जिम्मेदारियों की झलक प्रस्तुत करती हैं।
राजनीति में समय कब करवट ले ले, यह कोई नहीं जानता। वर्ष 2016 तक विधान परिषद सदस्य रह चुके राजेन्द्र जैन पिछले लगभग दस वर्षों से मुंबई की सक्रिय राजनीति से दूर रहे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि वे हाल ही में संपन्न हुए विधान परिषद चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करेंगे। लेकिन शायद नियति ने उनके लिए इससे भी बड़ी जिम्मेदारी तय कर रखी थी। उन्हें यह आभास भी नहीं रहा होगा कि उनका अगला राजनीतिक पड़ाव मुंबई नहीं, बल्कि देश की राजधानी नई दिल्ली होगी।
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री तथा स्वर्गीय अजितदादा पवार की धर्मपत्नी सुनेत्राताई पवार के राज्यसभा सदस्य पद रिक्त होने के बाद जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने राजेन्द्र जैन के नाम की घोषणा की, तब यह खबर केवल महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गई। देखते ही देखते विदर्भ की सीमाओं तक सीमित पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो गई।
भंडारा-गोंदिया जिले में मानो उत्सव का माहौल बन गया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं देश के कद्दावर राजनेता प्रफुल्ल पटेल के सबसे विश्वसनीय सहयोगी और लंबे समय से राजनीतिक रणनीति संभालने वाले राजेन्द्र जैन के राज्यसभा पहुंचने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला। स्वागत जुलूस, अभिनंदन समारोह, रैलियां और सम्मान कार्यक्रमों ने पार्टी संगठन में नई ऊर्जा का संचार कर दिया। कार्यकर्ताओं के लिए वे केवल सांसद नहीं, बल्कि संगठन की मजबूत धुरी बन चुके हैं।
राजनीतिक सफर की बात करें तो राजेन्द्र जैन ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत प्रफुल्ल पटेल के साथ कदम मिलाकर की। लगभग पच्चीस वर्षों के इस सफर में उन्होंने न केवल एक भरोसेमंद सहयोगी की भूमिका निभाई, बल्कि संगठन और चुनावी रणनीति के मजबूत स्तंभ के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। दो बार विधान परिषद सदस्य रहना, गोंदिया जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के लगातार अध्यक्ष का दायित्व निभाना, गोंदिया शिक्षण संस्था के सचिव के रूप में शैक्षणिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका और अब राज्यसभा सांसद के रूप में नई जिम्मेदारी—ये सभी उपलब्धियां उनके बढ़ते राजनीतिक कद की गवाही देती हैं।
समर्थकों के बीच आज भी कोई उन्हें “राजू भैया” कहता है, कोई स्नेहपूर्वक “राजू मामा” तो कोई पूरे सम्मान के साथ “साहेब”। शायद यही किसी जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी पूंजी होती है कि अलग-अलग वर्ग के लोग उन्हें अपनेपन और सम्मान के साथ पुकारें। भंडारा-गोंदिया की राजनीति में उनका प्रभाव किसी विशाल छायादार वृक्ष की तरह दिखाई देता है, जिसकी शाखाएं जिले के लगभग हर क्षेत्र तक फैली हुई हैं।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी शिष्टाचार भेंट की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनीं। राजनीतिक संवाद और व्यवहार कुशलता के लिए पहचाने जाने वाले सांसद राजेन्द्र जैन की यह मुलाकात उनके बढ़ते राष्ट्रीय राजनीतिक संपर्कों का भी संकेत देती है।
कल 08 अगस्त को सांसद राजेन्द्र जैन अपना जन्मदिन मना रहे हैं। फिलहाल वे नई दिल्ली में हैं, लेकिन उनके जन्मदिन को लेकर भंडारा और गोंदिया जिले में समर्थकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। जिले के विभिन्न शहरों, चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर शुभकामना संदेशों से सजे बड़े-बड़े होर्डिंग्स और फ्लेक्स उनकी लोकप्रियता का प्रमाण बन रहे हैं। कई स्थानों पर सामाजिक, धार्मिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।
राजनीति में लोकप्रियता जितनी बड़ी उपलब्धि होती है, उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी भी होती है। भंडारा-गोंदिया की जनता ने राजेन्द्र जैन को वर्षों से जो स्नेह, विश्वास और समर्थन दिया है, आने वाले समय में वे उसी विश्वास पर खरे उतरते हुए क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर और अधिक मजबूती से उठाएं, यही जन-अपेक्षा है।
हकीकत टाइम्स परिवार की ओर से राज्यसभा सांसद राजेन्द्र जैन को जन्मदिन की हार्दिक एवं अग्रिम शुभकामनाएं। हम उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना करते हैं।
-मुकेश शिवहरे -जावेद खान
