गोंदिया (विशेष प्रतिनिधि):
गोंदिया कृषि उपज मंडी समिति (APMC) की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। समिति के सभापति भाऊराव उके और उपसभापति राजकुमार उर्फ पप्पू पटले के खिलाफ 18 में से 13 निदेशकों ने अविश्वास प्रस्ताव दाखिल कर दिया है। प्रस्ताव का औपचारिक पत्र जिला कलेक्टर को सौंपते हुए नियमानुसार शीघ्र विशेष बैठक बुलाने की मांग की गई है।
प्रस्ताव में आरोप लगाया गया है कि मंडी समिति का संचालन मनमाने ढंग से किया जा रहा है तथा महत्वपूर्ण निर्णयों में निदेशक मंडल का विश्वास नहीं लिया जाता। इससे पहले मासिक बैठक में बहुमत से सभापति एवं उपसभापति के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीमित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया था। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने का आरोप लगाते हुए निदेशकों ने अविश्वास प्रस्ताव का कदम उठाया।
अविश्वास प्रस्ताव पर 13 निदेशकों में धनंजयभाऊ तुरकर, मुनेश रहांगडाले, राजीव ठकरेले, ओमेश्वर चौधरी, चेतन बहेकार, राधाकृष्ण ठाकुर, सौ. कौशल तुरकर, सौ. श्यामकला पाचे, मुरलीधर नागपुरे, अरुण गजभिये, धनलाल ठाकरे, पंकज यादव और विजय उके के हस्ताक्षर हैं, जबकि दो निदेशक बाहर बताए गए हैं। प्रस्ताव की प्रतिलिपि संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी भेजी गई है।
अब सभी की नजर जिला कलेक्टर द्वारा विशेष बैठक बुलाने और अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाली आगामी प्रक्रिया पर टिकी है, जिससे मंडी समिति की सत्ता में बड़ा बदलाव संभव माना जा रहा है।
