बढ़ती उम्र का हवाला, आसाराम बापू को पैरोल देने राष्ट्रपति से गुहार, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

52 Views

 

गोंदिया। संत श्री आसाराम बापू के अनुयायियों द्वारा आज उनके स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं के विषय को लेकर महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम जिलाधिकारी गोंदिया श्री मदार पतकी जी को ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन के माध्यम से अनुयायियों ने संत आसाराम बापू को मानवीय आधार पर पैरोल प्रदान करने तथा उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बेहतर एवं पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में अनुयायियों ने कहा कि संत श्री आशाराम बापू की उम्र 80 वर्ष से अधिक हो चुकी है। जीवन के इस पड़ाव पर उनके स्वास्थ्य की उचित देखभाल एवं समय पर चिकित्सा सुविधा मिलना अत्यंत आवश्यक है। बढ़ती उम्र को देखते हुए उनके स्वास्थ्य एवं उपचार के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए।

अनुयायियों ने महामहिम राष्ट्रपति महोदया से आग्रह किया कि संत आशाराम बापू के मामले में मानवीय एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें पैरोल प्रदान करने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए। साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा उनके उपचार के संबंध में दिए गए निर्देशों एवं उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के अनुरूप उन्हें आवश्यक और पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाएं।

ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया गया कि उम्र और स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों को प्राथमिकता देते हुए उनके उपचार में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित प्रशासन एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएं।

इस अवसर पर उपस्थित अनुयायियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाया तथा राष्ट्रपति महोदया से इस विषय पर सकारात्मक एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।

इस अवसर पर शंकरलाल अग्रवाल, भगत ठकरानी, आत्माराम गोपलानी, अविनाश ठाकुर, विनोद चांदवानी (गुड्डू), पंकज सिंह, प्रताप गोपलानी, विमल भाई, अमित गोपलानी, एकता अनवानी, लता गोपलानी सहित बड़ी संख्या में संत श्री आशाराम बापू के अनुयायी एवं साधक उपस्थित रहे।

Related posts