महिलाओं के हाथों में होगी स्थानीय स्वराज्य सत्ता की चाबी! महिला नेतृत्व को आगे लाने राष्ट्रवादी कांग्रेस का संकल्प

58 Views

प्रदेशाध्यक्ष वैशालीताई नागवडे का ऐलान- आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व बढ़ाने पर रहेगा जोर

सांसद राजेंद्र जैन बोले- जिले की महिला नेतृत्व क्षमता को मिलेगा अवसर, संगठन को करेंगे और मजबूत

गोंदिया। आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों को देखते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने महिला संगठन को मजबूत बनाने और महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में अधिकाधिक अवसर देने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में आज गोंदिया के रेलटोली स्थित राष्ट्रवादी कांग्रेस भवन एवं जनसंपर्क कार्यालय में जिला महिला राष्ट्रवादी कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष वैशालीताई नागवडे ने स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों में महिलाओं के हाथों में सत्ता की चाबी सौंपने के उद्देश्य से पार्टी प्रयास करेगी। वहीं सांसद राजेंद्र जैन ने जिले की महिला नेतृत्व क्षमता को अवसर देकर पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वैशालीताई नागवडे, सांसद राजेंद्र जैन, विधायक राजकुमार बडोले, वरिष्ठ नेत्री आभाताई पांडे, जिलाध्यक्ष प्रेमकुमार रहांगडाले, प्रदेश उपाध्यक्ष राजलक्ष्मी तुरकर, महिला जिलाध्यक्ष रजनी गिऱ्हेपुंजे तथा जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेश हर्षे प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

महिला नेतृत्व को अवसर देना संगठन की प्राथमिकता – सांसद राजेंद्र जैन

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद राजेंद्र जैन ने कहा कि लोकप्रिय जननेता स्वर्गीय अजितदादा पवार के असामयिक निधन से महाराष्ट्र ने ऐसा नेतृत्व खो दिया, जिसे आम जनता की समस्याओं के प्रति गहरी संवेदना और आत्मीयता थी। उनके विचारों और सपनों को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि सांसद प्रफुल्ल पटेल के नेतृत्व में भंडारा एवं गोंदिया जिले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विकास की नीतियों को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं से लेकर सहकारिता क्षेत्र तक पार्टी की सक्रिय भूमिका रही है। संगठन में मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाता है। पार्टी के प्रति निष्ठा और ईमानदारी से काम करने वालों के साथ संगठन मजबूती से खड़ा रहता है।

 

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिला परिषद, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत के चुनाव होने जा रहे हैं। इन चुनावों में जिले की महिलाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करने की दिशा में पार्टी विशेष प्रयास करेगी। महिला कार्यकर्ताओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में स्थान दिलाना संगठन की प्राथमिकता रहेगी।

महिलाओं के हाथों में हो सत्ता की चाबी – वैशालीताई नागवडे

प्रदेशाध्यक्ष वैशालीताई नागवडे ने महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय अजितदादा पवार का असामयिक निधन पार्टी के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनके अधूरे सपनों को साकार करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में महिलाओं का नेतृत्व बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर मेहनत करनी होगी। आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों में महिलाओं के हाथों में सत्ता की चाबी हो, इस लक्ष्य को लेकर सभी महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि आदरणीय सुनेत्राताई पवार एवं सांसद प्रफुल्ल पटेल के नेतृत्व में पार्टी संगठन को विस्तार देने के लिए महिलाओं को आगे लाना आवश्यक है। सामान्य परिवारों से आने वाली महिलाओं को सम्मान, अवसर और राजनीतिक पहचान देने का काम राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी कर सकती है। कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होता है।

वैशालीताई ने ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी जोर देते हुए कहा कि आज महिलाएं अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं, लेकिन ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के साधन और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। इस दिशा में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी निश्चित रूप से प्रयास करेगी।

महिलाओं के कर्तृत्व का सम्मान करना पार्टी की विचारधारा – विधायक राजकुमार बडोले

विधायक राजकुमार बडोले ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शाहू, फुले और आंबेडकर की विचारधारा को आगे बढ़ाने वाला संगठन है। पार्टी में महिलाओं की प्रतिभा, क्षमता और नेतृत्व का सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्व को आगे लाने और संगठन में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिलाने में स्वर्गीय अजितदादा पवार तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता सांसद प्रफुल्ल पटेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

महिला संगठन की मजबूती पर मंथन, बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित

इस बैठक में गोंदिया जिले की महिला राष्ट्रवादी कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला एवं तहसील स्तर की महिला पदाधिकारी तथा जिला परिषद, पंचायत समिति, नगर पंचायत और नगर परिषद की महिला सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।

बैठक के माध्यम से आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों में महिला नेतृत्व को अधिक अवसर देने, ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने तथा पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

Related posts