3 माह की मासूम बच्ची के लिए देवदूत बने CA सुनील चावला, रक्तदान कर पेश की मानवता की मिसाल

56 Views

गोंदिया में गंभीर हालत में भर्ती बच्ची को समय पर मिला B+ रक्त, रक्त मित्र विनोद (गुड्डू) चांदवानी की तत्परता से संभव हुई मदद

गोंदिया। मानवता की सच्ची पहचान दूसरों के संकट में काम आने से होती है। इसी भावना को साकार करते हुए चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) सुनील चावला ने महज तीन माह की मासूम बच्ची के लिए तत्काल रक्तदान कर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। बच्ची को बी पॉजिटिव (B+) रक्त एवं प्लेटलेट्स की आवश्यकता होने पर उन्होंने बिना देर किए रक्तदान के लिए पहल की और संकट की घड़ी में सहायता का हाथ बढ़ाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोंदिया निवासी रिंकी मरसकोले की तीन माह की बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे गंगाबाई महिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बी पॉजिटिव रक्त एवं प्लेटलेट्स की आवश्यकता थी। ऐसे कठिन समय में गंगाबाई अस्पताल की समाज अधीक्षिका पूजा डोंगरे ने रक्त मित्र विनोद (गुड्डू) चांदवानी से संपर्क कर रक्त की जरूरत की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही विनोद (गुड्डू) चांदवानी सक्रिय हुए और उन्होंने तत्काल CA सुनील चावला से संपर्क किया। मासूम बच्ची की स्थिति की जानकारी मिलते ही सुनील चावला ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए लोकमान्य ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया। उनका यह कदम जरूरतमंद की सहायता के साथ-साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला भी साबित हुआ।

इस सराहनीय कार्य के लिए लोकमान्य ब्लड बैंक में रक्त मित्र विनोद (गुड्डू) चांदवानी एवं नितिन रायकवार ने CA सुनील चावला को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, बच्ची के परिजनों ने कठिन समय में सहायता उपलब्ध कराने के लिए रक्तदाता सुनील चावला और रक्त मित्र विनोद (गुड्डू) चांदवानी के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि जरूरतमंद के जीवन की उम्मीद बन सकता है। किसी अनजान व्यक्ति के लिए आगे बढ़कर किया गया रक्तदान इंसानियत की सबसे खूबसूरत मिसाल है।

Related posts