405 Views
रिपोर्टर। 21 अक्टुबर|
गोंदिया। शहर के सिव्हिल लाइन में पिछले दिनों सुने घर में हुई दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोरों के नेटवर्क का खुलासा गोंदिया क्राइम ब्रांच की पुलिस टीम ने करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने इस लाखों की चोरी; तकनीकी जांच, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपी तक पहुँचने में सफलता हासिल की।
गोंदिया शहर के सिव्हिल लाइन क्षेत्र में हुई सनसनीखेज घरफोड़ चोरी का स्थानीय अपराध शाखा ने पर्दाफाश करते हुए करीब 40 लाख रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है। पुलिस ने चोरी गए 26 तोले सोने के आभूषण और एक चांदी का सिक्का मध्यप्रदेश के इंदौर जिले से बरामद किया है। इस कार्रवाई से घरफोड़ चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, रविशंकर वार्ड, सिव्हिल लाइन, गोंदिया निवासी अमोल श्रीराम मुंगमोडे (49) ने गोंदिया शहर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक वे 14 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 के दौरान परिवार सहित कुंडलवास बाहरगाव गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर के दरवाजे का ताला तोड़कर बेडरूम में रखी अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण तथा नकद राशि पर हाथ साफ कर दिया था। मामले में गोंदिया शहर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 863/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरख भामरे ने अपराध का तत्काल पर्दाफाश कर अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल, फिंगरप्रिंट तथा डॉग स्क्वॉड की मदद ली। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा और चोरी के मामले में राजस्थान के उदयपुर जिले के आरोपी लखन सिंह पिता प्रताप सिंह, निवासी गुरुनानक कॉलोनी, कच्ची बस्ती, बेदवास, थाना प्रतापनगर, जिला उदयपुर, राजस्थान का नाम सामने आया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी चोरी के बाद अपने ससुराल ग्राम देव-गुराडिया, जिला इंदौर, मध्यप्रदेश में रह रहा है। इसके बाद स्थानीय अपराध शाखा की टीम तत्काल मध्यप्रदेश रवाना की गई।
पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से 17 अक्टुबर 2026 को ग्राम देव-गुराडिया में आरोपी के ससुर गुरुदयाल सिंह के घर पर दबिश दी। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही दोनों आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। इसके बाद पंचों की मौजूदगी में आरोपी के ठिकाने की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक काले रंग की गठरी से चोरी के कुछ सोने के आभूषण और एक चांदी का सिक्का बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पत्नी, सास और रिश्तेदारों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि लखन हरपाल सिंह और दिलीप हरनाम सिंह मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। पूछताछ में जानकारी के तहत 16 अक्टूबर 2026 को सास बलबीर कौर सिंह को दोनों आरोपियों ने उसे चोरी के कुछ सोने के आभूषण और एक चांदी का सिक्का दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 सोने के कंगन, 1 सोने का रानी हार, 2 सोने के चपलाकंठी हार, 1 नग सोने की मनी हार, 1 सोने का गोप लॉकेट सेट, 1 सोने का मंगलसूत्र, 1 सोने की कॉइन और 1 सोने की अंगूठी, कुल 26 तोले सोने के आभूषण तथा 1 चांदी का सिक्का, जिसकी बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किया।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक गौरख भामरे और अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देशों में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में सपोनि अमरदीप खाडे, सपोनि अभिषेक जंगमवार, सहित स्थानीय अपराध शाखा और पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
