GONDIA|नवेगांवबांध की सार्वजनिक जमीन को आरक्षित वन घोषित करने के प्रस्ताव पर विधायक बडोले ने जताई चिंता

52 Views

 

जिलाधिकारी से मुलाकात कर स्मशानभूमि, पर्यटनस्थल और सार्वजनिक उपयोग की भूमि के संरक्षण की मांग

गोंदिया। अर्जुनी मोरगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजकुमार बडोले ने नवेगांवबांध क्षेत्र की पर्यटन, स्मशानभूमि तथा सार्वजनिक उपयोग में आने वाली जमीन को आरक्षित वन घोषित करने के प्रस्ताव से उत्पन्न विभिन्न समस्याओं को लेकर आज जिलाधिकारी कार्यालय, गोंदिया में जिलाधिकारी से मुलाकात की। विधायक बडोले ने इस दौरान संबंधित विषय पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए जनहित को ध्यान में रखकर उचित निर्णय लेने की मांग की।

विधायक बडोले ने जिलाधिकारी के समक्ष नवेगांवबांध के सर्वे क्रमांक 1056, 1266/2, 1272 एवं 1273 की कुल 80.67 हेक्टेयर प्रस्तावित भूमि का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भूमि में स्मशानभूमि के अलावा ऐतिहासिक पर्यटनस्थल, हिलटॉप गार्डन, लॉन हट, पानी की टंकी, ऐतिहासिक शंकरपट की जगह तथा मनोहर उद्यान जैसे सार्वजनिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल शामिल हैं।

विधायक बडोले ने कहा कि इन जमीनों का लंबे समय से सार्वजनिक उपयोग होता आ रहा है तथा नवेगांवबांध के पर्यटन विकास की दृष्टि से भी इनका विशेष महत्व है। ऐसे में आरक्षित वन घोषित करने की प्रस्तावित प्रक्रिया से स्थानीय नागरिकों के हित प्रभावित न हों तथा क्षेत्र के पर्यटन विकास पर भी किसी प्रकार का विपरीत असर न पड़े, इस दिशा में प्रशासन को जनहित को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्यवाही करनी चाहिए।

बैठक में विधायक बडोले ने अर्जुनी मोरगांव विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों, नागरिकों की समस्याओं तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानीय विषयों को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इन सभी मुद्दों पर विधायक बडोले और जिलाधिकारी के बीच विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। विधायक ने क्षेत्र के विकास तथा नागरिकों से जुड़े मामलों के शीघ्र निराकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

Related posts