170 Views
कभी शेर, हाथी और भालुओं के करतब से गूंजता था सर्कस का तंबू, आज कलाकारों के हुनर और हैरतअंगेज स्टंट के सहारे जिंदा है यह कला; बदलते दौर में अस्तित्व बचाने की चुनौती
जावेद खान|
गोंदिया। मनोरंजन के आधुनिक साधनों, मोबाइल और डिजिटल दुनिया के बीच बचपन की यादों से जुड़ा सर्कस आज धीरे-धीरे इतिहास के पन्नों में सिमटता जा रहा है। कभी सर्कस का नाम सुनते ही आंखों के सामने विशाल तंबू, रंग-बिरंगी रोशनी, जोकर की मस्ती, हवा में झूलते कलाकार और शेर-हाथियों के रोमांचक करतब उभर आते थे। यह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि साहस, शारीरिक कौशल, अनुशासन और पीढ़ियों से चली आ रही लोक मनोरंजन की एक अनूठी परंपरा भी रहा है। इसी पुरानी विरासत को जीवित रखने की जद्दोजहद के बीच लगभग 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बॉम्बे सर्कस ने गोंदिया में दस्तक दी है।
कोपरगांव में अपना प्रदर्शन पूरा करने के बाद गोंदिया पहुंचे इस सर्कस में महाराष्ट्र के अलावा असम, मणिपुर और पश्चिम बंगाल के कुल 50 महिला-पुरुष कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें 8 से 10 महिला कलाकार भी शामिल हैं। खास बात यह है कि सर्कस की चमक-दमक के पीछे कलाकारों का कठिन अभ्यास, जोखिम भरे करतब और रोजी-रोटी के लिए किया जाने वाला संघर्ष छिपा है। आज जब मनोरंजन के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं, तब भी ये कलाकार अपने हुनर के दम पर दर्शकों को रोमांचित करने और सर्कस की परंपरा को आगे बढ़ाने में जुटे हैं।
सर्कस की इस विरासत को आगे बढ़ाने वाले संचालक संतोष शिंदे (40) बताते हैं कि उन्होंने जब से होश संभाला, तब से इसी रंगमंच को अपना संसार माना है। उनके दादा शिवाजी शिंदे ने वर्ष 1937 में महाराष्ट्र के सांगली जिले के तासगांव से इस सर्कस की नींव रखी थी। उस समय इसका नाम ‘रॉयल शिंदे सर्कस’ हुआ करता था, जिसे बाद में बदलकर ‘बॉम्बे सर्कस’ कर दिया गया। दादा के बाद उनके पिता कृष्णाजी शिंदे ने इसकी जिम्मेदारी संभाली और अब तीसरी पीढ़ी के रूप में संतोष शिंदे इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। संतोष बताते हैं कि यह उनके लिए महज व्यवसाय नहीं, बल्कि परिवार की पहचान, परंपरा और जीवन का हिस्सा है।
जब सर्कस में दहाड़ते थे शेर
और करतब दिखाते थे हाथी
एक दौर था जब सर्कस का सबसे बड़ा आकर्षण प्रशिक्षित शेर, बाघ, भालू, हाथी, बंदर, कुत्ते और घोड़ों के करतब हुआ करते थे। विदेशी, विशेषकर रूसी कलाकारों की प्रस्तुतियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहती थीं। सर्कस के तंबू में जानवरों की दहाड़, कलाकारों के रोमांचक प्रदर्शन और जोकर की हंसी-मजाक से पूरा वातावरण जीवंत हो उठता था। लेकिन समय के साथ परिस्थितियां बदलती गईं। वन्यजीव संरक्षण और पशु कल्याण से जुड़े नियमों के तहत वर्ष 1998 में भालू, बंदर, बाघ, तेंदुए और शेरों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया गया। इसके बाद सर्कस की पारंपरिक प्रस्तुतियों का स्वरूप काफी बदल गया।
संकट में सर्कस की दुनिया, नई पीढ़ी नहीं ले रही रुचि
सर्कस संचालक के मुताबिक, कभी देशभर में सैकड़ों सर्कस कंपनियों और कलाकारों की सक्रिय दुनिया हुआ करती थी, लेकिन आज इनकी संख्या सिमटकर लगभग 15 से 20 के आसपास रह जाने की स्थिति है। इस पारंपरिक कला के सामने सबसे बड़ी चुनौती नए कलाकारों का नहीं जुड़ना है। कलाकारों की कमी, बढ़ते खर्च, मैदानों का किराया, परिवहन और विभिन्न व्यवस्थाओं की लागत ने इस व्यवसाय को कठिन बना दिया है। वन्यजीवों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध के साथ ही मनोरंजन के आधुनिक साधनों ने भी सर्कस की लोकप्रियता को प्रभावित किया है। देश में सर्कस उद्योग के संघर्ष और घटती संख्या को लेकर पूर्व में भी मीडिया में रिपोर्टें प्रकाशित होती रही हैं।
संतोष शिंदे बताते हैं कि आज सर्कस को चलाए रखना आसान नहीं है। इसके बावजूद परिवार की तीन पीढ़ियों से चली आ रही इस विरासत को वे बंद नहीं होने देना चाहते। उनके अनुसार, आने वाले कुछ वर्षों में यदि नई पीढ़ी इस कला से नहीं जुड़ी और दर्शकों का साथ नहीं मिला, तो सर्कस का अस्तित्व बचाए रखना और भी मुश्किल हो सकता है। यही वजह है कि वे हर शहर में बेहतर प्रदर्शन कर दर्शकों का विश्वास और प्यार हासिल करने का प्रयास करते हैं।
साढ़े तीन फुट के मोंटू जोकर की
35 वर्षों से दर्शकों को हंसाने की यात्रा
इस सर्कस में आकर्षण का एक खास चेहरा 57 वर्षीय मोंटू हैं, जो महज साढ़े तीन फुट की लंबाई के बावजूद अपनी हास्य अदाकारी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करते हैं। पश्चिम बंगाल निवासी मोंटू पिछले 35 वर्षों से सर्कस की दुनिया से जुड़े हुए हैं और जोकर की भूमिका निभा रहे हैं। उनके लिए सर्कस केवल काम नहीं, बल्कि जीवन का लंबा सफर है। उनके जैसे अनुभवी कलाकार इस बात की मिसाल हैं कि सर्कस की असली पहचान केवल रोमांचक करतब नहीं, बल्कि कलाकारों की प्रतिभा, मेहनत और दर्शकों के साथ उनका भावनात्मक जुड़ाव भी है।
50 कलाकारों का परिवार, मेहनत के भरोसे चलता है सर्कस
बॉम्बे सर्कस में काम करने वाले प्रत्येक कलाकार को प्रतिदिन लगभग 600 रुपये मेहनताना दिया जाता है। संचालक के मुताबिक, सर्कस के संचालन में कलाकारों के वेतन के अलावा मैदान का किराया, परिवहन, बिजली, जनरेटर, साज-सज्जा और अन्य व्यवस्थाओं पर भी काफी खर्च आता है। गोंदिया में सर्कस के लिए मैदान का किराया ही लगभग 2 लाख रुपये है। दर्शकों के बैठने के लिए करीब 600 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद कलाकार नियमित अभ्यास और जोखिम भरे प्रदर्शनों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।
एक माह तक चलेगा रोमांच का सफर
गोंदिया में बॉम्बे सर्कस को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिलने की उम्मीद है। यहां सर्कस लगभग एक माह तक चलेगा। टिकट दरें 150, 200 और 300 रुपये रखी गई हैं। करीब पौने दो घंटे के इस शो में दर्शकों को विभिन्न प्रकार के रोमांचक करतब, कलाबाजियां, संतुलन के प्रदर्शन और हास्य प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। सर्कस के शो दोपहर 1 बजे, शाम 4 बजे और शाम 7 बजे आयोजित किए जा रहे हैं।
सर्कस का आयोजन गोंदिया-आमगांव रोड पर फूलचूर ग्राम पंचायत अंतर्गत आरटीओ ऑफिस चौक से कुछ दूरी पर, होपहार्ट हॉस्पिटल के सामने स्थित विशाल मैदान में किया गया है। परिवार के साथ मनोरंजन का आनंद लेने के इच्छुक शहरवासियों के लिए यह एक अच्छा अवसर है।
सर्कस सिर्फ मनोरंजन नहीं, हमारी सांस्कृतिक विरासत है
दरअसल, सर्कस की दुनिया को केवल एक मनोरंजन व्यवसाय के रूप में देखना उचित नहीं होगा। इसके पीछे पीढ़ियों का संघर्ष, वर्षों का अभ्यास, शारीरिक दक्षता, साहस और कलाकारों का समर्पण जुड़ा हुआ है। महाराष्ट्र का तासगांव-सांगली क्षेत्र भारतीय सर्कस की ऐतिहासिक परंपरा के प्रमुख केंद्रों में रहा है। कभी यहां से निकली सर्कस कंपनियों ने देश के विभिन्न हिस्सों में अपनी पहचान बनाई थी। आज उसी परंपरा की एक कड़ी के रूप में बॉम्बे सर्कस गोंदिया पहुंचा है।
एक तरफ डिजिटल मनोरंजन के साधन तेजी से बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सर्कस जैसी जीवंत कला को दर्शकों के सहयोग की जरूरत है। संतोष शिंदे और उनकी टीम की कोशिश यही है कि आने वाली पीढ़ियां सर्कस को केवल किताबों और पुरानी यादों में न जानें, बल्कि इस कला को प्रत्यक्ष देखकर इसके रोमांच और कलाकारों की मेहनत को समझें। सवाल सिर्फ बॉम्बे सर्कस के एक महीने के प्रदर्शन का नहीं, बल्कि उस विरासत को बचाने का है, जिसने कभी पूरे परिवार को एक साथ बैठकर तालियां बजाने और रोमांचित होने का अवसर दिया था।
