मेधावी छात्र छात्राओं का सम्मान एवं जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों का भी होगा अभिनंदन..
गोंदिया। भारत की गुलामी के दौर में भारत के वीर सपूतों ने अनेक प्रकार से संघर्ष करते हुए अंग्रेज सरकार से लड़ाई लड़कर जेल यातनाएं सहकर भी इस देश को गुलामी के बंधनों से मुक्त कराया। भारत की आजादी के लिये अपना योगदान देने वाली वीर सपूतों में गोंदिया शहर के वीर सपूत सम्माननीय सुखदेव जी अग्रवाल ने भी अपना सर्वस्व न्यौछावर किया हुआ था।
![]()
गुलाम भारत में 2 सितम्बर 1901 को जन्मे सुखदेव जी अग्रवाल गांधी जी के सत्याग्रह आंदोलन से जुड़े तथा स्वतंत्रता संग्राम में शामिल होने के कारण उन्हें 06 बार जेल यातनाएं भी सहन करनी पड़ी। अपने दौर में उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिये भी संघर्ष किया, विधवा विवाह जैसे क्रांतिकारी कदम उठाये तो वहीं दीन हीन जरुरतमंदों की दिल खोलकर मदद भी की, इसी के साथ उनकी नेतृत्व क्षमता के चलते वे 1956 से 1962 तक विधायक भी रहे, और गोंदिया जिले के विकास के लिये अथक प्रयास किये।
भारत की आजादी के एैसे महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.सुखदेव जी अग्रवाल की 125 वीं जयंती के अवसर पर स्थानीय एस.एस. गल्र्स कॉलेज में उनकी प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम समारोहपूर्वक किया जा रहा है, तथा इस अवसर पर स्वतंत्रता आंदोलन में स्व. सुखदेव जी अग्रवाल के योगदान की जीवंत प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है तथा गोंदिया जिले के मेधावी विद्यार्थीयों का सत्कार एवं गोंदिया जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानीयों के परिवारों का भी सत्कार किया जायेगा।
इस बात की जानकारी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दिनांक 16 जुलाई को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. सुखदेव जी अग्रवाल के परिवार के सदस्य उनके पौत्र सचिन अग्रवाल, शिवा अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल एवं ओजस्वी वक्ता तथा आयोजन प्रमुख अपूर्व अग्रवाल ने दी।
अपूर्व अग्रवाल ने बताया कि दसवीं, बारहवीं तथा विभिन्न ग्रेजुएशन एवं पोस्ट ग्रेजुएशन के उच्चाँक प्राप्त विद्यार्थी अपनी अंक सूची बालाघाट रोड़ स्थित सन टेम्पल अगरबत्ती के कार्यालय में शिवा अग्रवाल के पास 25 अगस्त तक जमा करा सकते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अग्रवाल बंधुओं ने बताया कि 02 सितम्बर को स्व. सुखदेव जी अग्रवाल की 125 वीं जयंती है, इस उपलक्ष्य में उनकी प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम समारोहपूर्वक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कार्यक्रम के उद्घाटक के रुप में पूर्व केन्द्रिय मंत्री सांसद प्रफुल पटेल, सांसद राजेन्द्र जैन, डॉ. परिणय फुके, विधायक विनोद अग्रवाल, पूर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल, गिरीश व्यास, विधायक विजय राहंगडाले, विधायक राजकुमार बडोले, विधायक संजय पुराम, विधायक संजय भेंडें एवं गोंदिया नगर परिषद के अध्यक्ष सचिन शेंडे प्रमुख रुप से उपस्थित रहेंगे। इस समारोह को सफल बनाने की अपील स्व. सुखदेव जी अग्रवाल परिवार ने समस्त गोंदिया नगर वासियों से की है।
