महाराष्ट्र के भंडारा जिले से पहली बार हुआ चयन, स्वतंत्रता दिवस समारोह में किया गया सम्मान
भंडारा। विविध सामाजिक एवं मानवीय सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तवीर एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रितमकुमार रामरतन राजाभोज को वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय हेनरी डुनाट मेडल, जिनेवा (स्विट्जरलैंड) के लिए नामांकित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्हें सम्मानपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महाराष्ट्र राज्य की राज्यमंत्री माधुरी सतीश मिसाल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, भंडारा से जुड़े रक्तवीर प्रितमकुमार राजाभोज को यह सम्मान प्रदान किया। बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए महाराष्ट्र के भंडारा जिले से पहली बार किसी व्यक्ति का नामांकन हुआ है। इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
रक्तदान एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में प्रितम राजाभोज के योगदान को देखते हुए उनका नाम अंतरराष्ट्रीय हेनरी डुनाट मेडल के लिए नामांकित किया गया है। उनके नामांकन से भंडारा जिले की सामाजिक सेवा गतिविधियों को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।
इस अवसर पर भंडारा के जिलाधिकारी सावन कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिलिंद साड़वे, अतिरिक्त जिलाधिकारी राजेंद्र जाधव, निवासी उपजिलाधिकारी मनोहर चौहान, जिला पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन, जिला उपवनसंरक्षक योगेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. संदीप गजभिए, जिला क्रीड़ा अधिकारी लतिका लेकरवाडे, जिला सूचना अधिकारी शैलजा वाघ, भंडारा पुलिस निरीक्षक उल्हास भुसारी, नगराध्यक्ष मधुरा मदनकर सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
