गोंदिया: अवैध शराब बिक्री पर होटल-ढाबों से लेकर टपरियों तक पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 20 मामले दर्ज; 22 आरोपी शिकंजे में

167 Views

 

गोंदिया।(12 अगस्त), जिले में होटल, ढाबों और टपरियों की आड़ में चल रही अवैध शराब बिक्री पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए बड़ा एक्शन लिया है। 1 से 10 अगस्त 2026 के बीच जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 20 मामले दर्ज किए और 22 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, जिले के विभिन्न होटल, ढाबों और टपरियों पर अवैध रूप से शराब की बिक्री किए जाने की शिकायतें और जानकारी सामने आ रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई कर उसे जड़ से खत्म करने के सख्त निर्देश दिए।

एसपी के निर्देश मिलते ही जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अभियान तेज किया। होटल, ढाबे और छोटी-बड़ी टपरियों को निशाने पर लेकर की गई कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। 10 दिनों के भीतर 20 प्रकरण दर्ज होने और 22 आरोपियों पर कार्रवाई से पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि जिले में अवैध शराब बिक्री को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार और कड़ी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की इस मुहिम से उन स्थानों पर भी शिकंजा कसने की उम्मीद है, जहां होटल-ढाबे या टपरियों की आड़ में शराब की अवैध बिक्री का खेल चल रहा है

Related posts