नई दिल्ली: गोंदिया-भंडारा जिलों में सड़क, पुल और ROB प्रोजेक्ट को मिलेगी गति

177 Views

 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ सांसद प्रफुल्ल पटेल व राजेंद्र जैन की महत्वपूर्ण बैठक

नई दिल्ली।(12 अगस्त), भंडारा और गोंदिया जिले में सड़क, पुल, रेलवे ओवरब्रिज (ROB) तथा अन्य परिवहन सुविधाओं से जुड़ी लंबित और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ सांसद प्रफुल्ल पटेल और सांसद राजेंद्र जैन ने महत्वपूर्ण बैठक की। नई दिल्ली स्थित गडकरी के निवास पर हुई बैठक में दोनों जिलों की परिवहन संबंधी समस्याओं, लंबित कार्यों और प्रस्तावित परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में भंडारा और गोंदिया जिलों में राष्ट्रीय राजमार्गों के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण, नए फ्लाईओवर और ROB निर्माण, लंबित परियोजनाओं की बाधाएं दूर करने तथा अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने सहित विभिन्न मुद्दे उठाए गए। इस दौरान तुमसर के विधायक राजूभाऊ कारेमोरे तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। विधायक कारेमोरे ने तुमसर-मोहाड़ी क्षेत्र से जुड़े सड़क विकास कार्यों के संबंध में चर्चा की।

भंडारा जिले की इन परियोजनाओं पर चर्चा

बैठक में भंडारा जिले से संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 543, 287 और 753 पर प्रस्तावित एवं लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। इनमें खैरलांजी-खापा मार्ग, भंडारा शहर के शास्त्री चौक से त्रिमूर्ति चौक तथा शीतला माता मंदिर से रेलवे समतल क्रॉसिंग तक सीमेंट-कंक्रीट सड़क निर्माण शामिल है।

इसके अलावा भंडारा-तुमसर-बपेरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, जांब में सौंदर्यीकरण एवं डिवाइडर निर्माण, खापा चौक और जाम में फ्लाईओवर निर्माण तथा खैरलांजी-तुमसर-मोहाड़ी-भंडारा एवं तिरोड़ा-सलाई खुर्द-मनसर मार्ग पर फोरलेन और सीमेंट-कंक्रीट सड़क निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई।

गोंदिया जिले के कार्यों को भी प्राथमिकता

गोंदिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 543 और 753 से जुड़े विभिन्न कार्यों को बैठक में प्राथमिकता दी गई। आमगांव-देवरी तथा गोंदिया-आमगांव मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज, गोंदिया पूर्व बायपास पर अतिरिक्त ROB और गोंदिया-तिरोड़ा मार्ग पर बालाघाट टी-पॉइंट तथा काचेवानी में ROB निर्माण का मुद्दा उठाया गया।

इसके साथ ही महेक रेस्टोरेंट के समीप नाले पर स्लैब निर्माण, गोंदिया-तिरोड़ा-सलाई खुर्द-मनसर मार्ग पर लंबित सीमेंट-कंक्रीट सड़क, जिलाधिकारी कार्यालय से खमारी तक फोरलेन सड़क तथा कोहमारा-गोंदिया मार्ग के चौड़ीकरण पर भी चर्चा हुई।

सौंदड़ में फ्लाईओवर, अंडरपास, स्लिप रोड, नाली और फुटपाथ के अधूरे कार्यों को तत्काल पूरा करने की आवश्यकता पर भी सांसदों ने केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

लंबित कार्य जल्द पूरे करने का आश्वासन

बैठक में सांसद प्रफुल्ल पटेल और सांसद राजेंद्र जैन द्वारा रखे गए विभिन्न विकास प्रस्तावों पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने संबंधित परियोजनाओं में आ रही तकनीकी एवं अन्य बाधाओं को दूर करने तथा आवश्यक त्रुटियों का निराकरण कर दोनों जिलों में लंबित एवं अधूरे विकास कार्यों को जल्द गति देने का आश्वासन दिया।

बैठक के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि गोंदिया-भंडारा जिले की महत्वपूर्ण सड़क, पुल और ROB परियोजनाओं को अब तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा तथा नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Related posts