तिरोडा: कम उम्र में रंजिश का तूफान, चाकू से वार कर ली जान, 3 नाबालिगों पर मामला दर्ज

130 Views

 

गंगाझरी पुलिस व स्थानीय अपराध शाखा की संयुक्त कार्रवाई में बेरडीपार स्मशान घाट में मिले शव की गुत्थी सुलझी

गोंदिया, 10 अगस्त। गंगाझरी थाना क्षेत्र के ग्राम बेरडीपार स्थित स्मशान घाट परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले मोहम्मद इक्बाल शाह फकीर की हत्या का गंगाझरी पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की हत्या पुराने विवाद को लेकर तीन विधि संघर्षित बालकों ने कथित तौर पर साजिश रचकर की। तीनों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मामले में गंगाझरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को ग्राम बेरडीपार के स्मशान घाट परिसर में मोहम्मद इक्बाल शाह फकीर, निवासी फकीरटोली काचेवानी, का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ था। मृतक की महिला रिश्तेदार नुरी इक्बाल फकीर (40), निवासी फकीरटोली काचेवानी की शिकायत पर गंगाझरी थाने में मर्ग दर्ज किया गया था। शव मिलने की परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक गोंदिया गोरख भामरे के निर्देश पर उपविभागीय पुलिस अधिकारी तिरोड़ा गुल्हाने तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में गंगाझरी पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने जांच का दायरा बढ़ाया। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि मोहम्मद इक्बाल शाह फकीर की हत्या काचेवानी और गोंडीटोला (कुडवा) में रहने वाले तीन विधि संघर्षित बालकों ने की है।

सूचना के आधार पर गंगाझरी थाने के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक धीरज राजूरकर ने तीनों विधि संघर्षित बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते तीनों ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त की शाम करीब 7.30 बजे तीनों मृतक को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ग्राम बेरडीपार स्थित स्मशान घाट परिसर में लेकर पहुंचे। वहां कथित तौर पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की है। मामले में पोउपनि अजित धाराव की जांच रिपोर्ट के आधार पर गंगाझरी थाने में BNS की धारा 103(1), 61(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक गोंदिया गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी तिरोड़ा गुल्हाने तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में गंगाझरी थाने के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक धीरज राजूरकर, पुलिस उपनिरीक्षक धाराव, परी पुलिस उपनिरीक्षक गवई, पुलिस हवलदार भुरे, देशपांडे, कावळे, पुलिस नायक कटरे, पुलिस शिपाई राऊत, नागपुरे, जनेवार, गौतम, चापोशी चांदेवार, चापोहवा बघेले तथा स्थानीय अपराध शाखा के सफौ राजू मिश्रा, पुलिस हवलदार सोमेन्द्रसिंग तुरकर, रियाज शेख, महेश मेहर, भोजराज बहेकार, इंद्रजित बिसेन, राजकुमार खोटेले, सुजित हलमारे, पुलिस शिपाई हंसराज भांडारकर, छगन विठ्ठले, चापोशि मुरली पांडे और इमरान शेख ने अंजाम दिया।

Related posts