मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ FIR से लेकर सूखा घोषित करने तक, कांग्रेस का कल गोंदिया में जोरदार मोर्चा

71 Views

 

गोंदिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, गोंदिया तहसील को दुष्काळग्रस्त घोषित करने तथा खरीफ फसलों पर तत्काल बोनस देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर जिला कांग्रेस की ओर से कल सोमवार, 28 सितंबर को गोंदिया में जोरदार मोर्चा निकाला जाएगा। दोपहर 12 बजे भोला भवन से शुरू होने वाला यह मोर्चा तहसील कार्यालय पहुंचेगा, जहां प्रशासन को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

कांग्रेस का कहना है कि क्षेत्र में किसानों के सामने कृषि संकट गहराता जा रहा है और उन्हें तत्काल राहत की आवश्यकता है। पार्टी की ओर से गोंदिया तहसील को दुष्काळग्रस्त घोषित करने के साथ ही खरीफ फसलों के लिए तत्काल बोनस उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। इससे पहले भी गोंदिया क्षेत्र में धान उत्पादक किसानों की ओर से बोनस, राहत और अन्य कृषि संबंधी मांगें उठती रही हैं।

मोर्चे में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी शामिल है। यह मांग ऐसे समय में सामने आई है, जब चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दलों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। हालिया रिपोर्टों के अनुसार, आयोग ने SIR से जुड़े अंतिम निर्णयों को सर्वसम्मति से लिए जाने की बात कही है, जबकि विपक्ष की ओर से प्रक्रिया को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमर वराडे, तहसील अध्यक्ष रमेश अंबुले तथा शहर अध्यक्ष अशोक चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और किसानों से बड़ी संख्या में मोर्चे में शामिल होने की अपील की है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करेगी।

मोर्चे के मद्देनजर कांग्रेस पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से कल सोमवार को दोपहर 12 बजे भोला भवन, गोंदिया में एकत्रित होने का आह्वान किया है। इसके बाद कार्यकर्ता तहसील कार्यालय की ओर कूच करेंगे।

Related posts