विधवा महिलाओं के अधिकारों के लिए गोंदिया में बजेगा बिगुल

143 Views

गोंदिया। भारतीय विधवा महिला उत्थान फाउंडेशन की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक गोंदिया स्थित विश्राम गृह में राष्ट्रीय सचिव रूपाली यादोराव ऊके की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में विधवा एवं निराश्रित महिलाओं के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने के लिए एक विशाल एवं भव्य सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यक्रम की रूपरेखा पर पदाधिकारियों ने विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान संगठन के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए चेतना उमाशंकर पटले को भारतीय विधवा महिला उत्थान फाउंडेशन का आमगांव ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी से क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ा जा सकेगा।

बैठक में जिला अध्यक्ष कुंदा जी, ग्रामीण अध्यक्ष पदमा ऊके, मालतीताई रहगडाले, जिला सचिव चित्रा लोखंडे, शहर अध्यक्ष प्रेमलता बोरकर, सुनीता वाघमारे, वंदना तुरकर तथा सुनीता भालाधारे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी सम्मेलन में देश एवं प्रदेश स्तर के विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित करने, कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप देने तथा विधवा महिलाओं की समस्याओं एवं न्यायसंगत मांगों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रीय सचिव रूपाली यादोराव ऊके ने कहा कि प्रस्तावित सम्मेलन महिलाओं के सम्मान, अधिकार और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। सम्मेलन की अंतिम तारीख और स्थान की घोषणा जल्द ही आपसी सहमति से की जाएगी।

इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास करने तथा संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Related posts