गोंदिया, 23 जून: गोंदिया जिले के जिलाधिकारी के रूप में 5 अप्रैल 2026 को पदभार संभालने वाले डॉ. मंगेश गोंदावले का महज दो माह के भीतर तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह यवतमाल जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मंदार पत्की को गोंदिया का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग के सह सचिव सुभाष उमराणीकर के हस्ताक्षर से 23 जून को जारी किया गया। वहीं, डॉ. मंगेश गोंदावले को छत्रपति संभाजीनगर स्थित सिडको (नवीन शहर) में मुख्य प्रशासक के पद पर नियुक्त किया गया है।
![]()
सूत्रों और राजनीतिक हलकों में इस तबादले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। चर्चा है कि डॉ. गोंदावले की कार्यशैली और प्रशासनिक पारदर्शिता कुछ जनप्रतिनिधियों तथा जिले के राजनीतिक नेतृत्व को पसंद नहीं आई। हालांकि, इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
डॉ. गोंदावले ने गोंदिया में पदभार ग्रहण करने के बाद जिले की अर्थव्यवस्था, विकास दर और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के लिए कार्य करने की मंशा जताई थी।
नवनियुक्त जिलाधिकारी मंदार पत्की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के महाराष्ट्र कैडर 2020 बैच के अधिकारी हैं। मंदार पत्की ने यूपीएससी में भारत मे 22वीं रैंक प्राप्त कर महाराष्ट्र का गौरव बढ़ाया था। वे वर्तमान में यवतमाल जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
