10 साल बाद “MLC” चुनाव की तैयारी में जुटा भंडारा-गोंदिया, इस बार बाहरी नेता नही!!

37 Views

इस चुनाव में राजेंद्र जैन, प्रफ़ुल्ल अग्रवाल, सुनील मेंढे, प्रकाश बालबुद्धे, सुमित भालोटिया और सुनील फुंडे के नाम की चर्चा

जाहिद खान।
गोंदिया। पिछले 1 दशक बाद होने जा रहे भंडारा-गोंदिया विधानपरिषद के चुनाव का बिगुल फूंका जा चुका है। स्थानीय निकाय चुनावों में हुई देरी के चलते 2022 में होने वाला चुनाव अब 4 साल बाद 2026 में 18 जून को होने जा रहा है। इस चुनाव को लेकर दोनों जिलों में राजनीतिक समीकरण गर्मा गए है।
वर्ष 2016 के पूर्व इस एमएलसी सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद प्रफ़ुल्ल पटेल के एकदम खास एवं करीबी राजेन्द्र जैन जनप्रतिनिधित्व कर रहे थे। वे दो बार इस सीट से विधान परिषद सदस्य रहे। परंतु 2014 में भाजपा की आयी सुनामी के बाद 2016 में चित्र बदल गया। केंद्र और राज्य में भाजप गठबंधन की सरकार स्थापित होने पर वर्ष 2016 के भंडारा-गोंदिया विधान परिषद चुनाव का रुख बदल गया और इस क्षेत्र से नागपुर के भाजपा नेता डॉ. परिणय फुके ने जीत दर्ज कर जनप्रतिनिधित्व करने का अवसर पाया।
डॉ. परिणय फुके को मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस का करीबी नेता माना जाता है। विधान परिषद सदस्य रहते हुए फुके को राज्यमंत्री के साथ ही भंडारा और गोंदिया जिले के पालकमंत्री की कमान सौंपी गई, जिससे वे दोनों जिलो में उभरते हुए नेता बन गए। फुके ने वर्ष 2019 में साकोली से विधानसभा चुनाव पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले के विरुद्ध लड़ा पर वे पराजित हुए।
भंडारा-गोंदिया विधानपरिषद चुनाव का कार्यकाल वर्ष 2022 में समाप्त हो गया। वर्तमान में डॉ. परिणय फुके फिलहाल दूसरे कोटे से विधायक है। ऐसे में अब सीट पर चुनाव फिर एकबार रोमांचक हो गया है।
वर्तमान में सांसद प्रफुल पटेल भाजपा के नजदीकी नेता बनें हुए है। उनकी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) महाराष्ट्र सरकार में गठबंधन में है। वर्तमान भंडारा-गोंदिया विधान परिषद चुनाव अब भले ही आसान हो गया है, पर भाजपा-एनसीपी नेता चुनाव लड़ने की होड़ में हाथ-पैर मारते हुए नजर आ रहे है।
चुनाव में जिन नामों की चर्चा राजनीतिक हलकों में जोर पकड़ रही है, उनमें सर्वाधिक चर्चित नाम पूर्व विधायक राजेन्द्र जैन, पूर्व सांसद सुनील मेंढे, पूर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल के पुत्र प्रफुल्ल अग्रवाल, भंडारा जिला बैंक के अध्यक्ष सुनील फुंडे, गोंदिया एपीएमसी के डायरेक्टर सुमित भालोटिया और भंडारा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश बालबुद्धे का नाम चर्चा में है।
गोंदिया जिला बैंक के डायरेक्टर एवं पूर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल के पुत्र प्रफ़ुल्ल अग्रवाल इसके पूर्व एमएलसी चुनाव लड़ चुके है और हारजीत पर निर्णायक भूमिका निभा चुके है। वर्तमान में उनकी भूमिका कैसी होगी फिलहाल राजनीतिक जुबान में दबी हुई है।

पटेल- फुके, पटोले निभाएंगे अहम किरदार

एमएलसी चुनाव को लेकर सांसद प्रफ़ुल्ल पटेल की भूमिका खास अहमियत रखती है। भाजपा से उनके नजदीकी सम्बंध इस चुनाव का रुख तय कर सकती है। भाजपा से इस चुनाव की बागडोर विधायक डॉ. परिणय फुके के हाथों में होगी। कांग्रेस से साकोली विधायक एवं पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले, सांसद डॉ. प्रशांत पडोले, पुर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल इस चुनाव की बागडोर संभालेगे। इस बार आवाज उठ रही है कि उम्मीदवार दोनों जिलो से ही हमारे बीच का हो।

पक्षों के सदस्यों की भूमिका

वर्तमान में गोंदिया और भंडारा जिला परिषदों, नगर पंचायतों में भाजपा सदस्यों की संख्या अधिक है। इसी तरह गोंदिया, भंडारा, तिरोडा, साकोली, तुमसर, पवनी नगर परिषदों में बीजेपी सदस्यों की संख्या अधिक है वही नप नगराध्यक्ष में भाजपा-3, एनसीपी-02 और कांग्रेस 01 है।

ऐसा होगा चुनाव कार्यक्रम

भंडारा-गोंदिया विधान परिषद चुनाव की अधिसूचना 25 मई को जारी होगी। चुनावी शेड्यूल के तहत नामांकन की अंतिम तिथि 01 जून, नामांकन जांच 02 जून, नामांकन वापसी 04 जून, मतदान 18 जून एवं मतगणना 22 जून को संपन्न होगी।

457 मतदाता 4 केंद्रों में करेंगे मतदान..

मतदाताओं की कुल संख्या 457 होकर चुनाव के लिए मतदान केंद्र 4 होंगे। भंडारा जिले में भंडारा एवं साकोली वही गोंदिया जिले में गोंदिया और सड़क अर्जुनी मतदान केंद्र होंगे।

Related posts