किसान ने दिखाई विरुगिरी, “मेरी जमीन लौटाओ वरना नहीं उतरूंगा!”

206 Views

1.67 हेक्टेयर जमीन रिकॉर्ड से गायब होने का आरोप, किसान ने पानी की टंकी पर चढ़कर शुरू किया ‘शोले स्टाइल’ आंदोलन

गोंदिया। जिले के गोरेगांव तहसील अंतर्गत पालेवाड़ा गांव में एक किसान ने अपनी कृषि भूमि राजस्व रिकॉर्ड से गायब होने का आरोप लगाते हुए पानी की टंकी पर चढ़कर आंदोलन शुरू कर दिया है। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

आंदोलन कर रहे किसान का नाम कृष्णकुमार डोये बताया गया है। किसान ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक उनकी जमीन दोबारा राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं की जाती, तब तक वह आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।

कृष्णकुमार डोये का आरोप है कि उनकी लगभग 1.67 हेक्टेयर कृषि भूमि राजस्व अभिलेखों से गायब कर दी गई है। इस मामले को लेकर उन्होंने राजस्व विभाग, तहसील कार्यालय और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार ज्ञापन एवं आवेदन सौंपे, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई या निष्पक्ष जांच नहीं हुई।

किसान के अनुसार, उनके पिता के नाम पर ग्राम पालेवाड़ा में पुराने गट क्रमांक 336 के अंतर्गत कुल 10.14 हेक्टेयर कृषि भूमि दर्ज थी। वर्ष 1989 में भूमि का विधिवत बंटवारा किया गया था, जिसके बाद गट क्रमांक 336/4 और 336/5 अलग-अलग हिस्सों में विभाजित होकर संबंधित परिवारों के नाम पर दर्ज किए गए।

डोये ने बताया कि पटवारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पुराने गट क्रमांक 336 को बदलकर नया गट क्रमांक 417 कर दिया गया। लेकिन नए राजस्व रिकॉर्ड में कुल भूमि क्षेत्र 10.14 हेक्टेयर के बजाय केवल 8.47 हेक्टेयर दर्शाया गया है। ऐसे में करीब 1.67 हेक्टेयर जमीन रिकॉर्ड से गायब होने का आरोप लगाया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से नाराज किसान ने गांव की पानी टंकी पर चढ़कर ‘शोले स्टाइल’ आंदोलन शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का माहौल बन गया है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से किसान को समझाने और नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है। अब देखना होगा कि राजस्व विभाग इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।

Related posts