गोंदिया| गोंदिया जिले में सामने आए चर्चित पुणे में कार्यरत एयर होस्टेस वर्षा तुरकर हत्याकांड ने रिश्तों, विश्वास और आपराधिक साजिश की ऐसी कहानी उजागर की है, जिसने पूरे मामले को सनसनीखेज बना दिया है। पुलिस की जांच में सामने आए खुलासे के अनुसार, मृतक वर्षा तुरकर की हत्या की साजिश में वर्षा के प्रेमी नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने इस प्रकरण में मोना अग्रवाल सहित दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस जांच के अनुसार, वर्षा तुरकर को रास्ते से हटाने के लिए कथित तौर पर 13 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है। इस मामले में नितेश कि पत्नी मोना अग्रवाल, कुणाल कुंभलकर, शाहरुख खान और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच के आधार पर हत्या की साजिश की कड़ियां जोड़ी गई हैं।
![]()
प्रेम संबंध और 13 लाख रुपये की सुपारी का खुलासा
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, मोना अग्रवाल के पति नितेश अग्रवाल का वर्षा तुरकर के बीच प्रेम संबंधों को लेकर विवाद तथा वर्षा को रास्ते से हटाने की साजिश रचे जाने की बात जांच में सामने आई। इस कथित साजिश में मोना अग्रवाल ने अपने परिचित कुणाल श्यामलाल कुंभलकर की मदद ली। कुणाल ने आगे शाहरुख खान फिरोज खान पठाण से संपर्क साधा और वर्षा तुरकर की हत्या के लिए कथित तौर पर 13 लाख रुपये की सुपारी तय की गई।
पुलिस के अनुसार, इस हत्या की जिम्मेदारी इमरान करीम शेख 26, नलेन उर्फ नायलान शेख 24 और क्रिश राऊत19 नामक युवको को सौंपे जाने की बात सामने आई। आरोपियों ने हत्या को अंजाम देने के लिए मृतका की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके आने-जाने की जानकारी जुटाई।
जंगल में सुनियोजित तरीके से की गई हत्या
पुलिस जांच के मुताबिक, वर्षा तुरकर अपने परिचित नितेश अग्रवाल के साथ वाहन से जा रही थी। जिस कार से नितेश और वर्षा तुरकर जा रहे थे, वो कर मोना अग्रवाल के नाम पर थी। मोना की कार में जीपीएस लगा हुआ था। मोना ने जीपीएस एप, इसकी आयडी और पासवर्ड आरोपियों के मोबाइल में टोयटा आय कनेक्ट के तहत ऐक्टिवेट कर दिया। जिससे आरोपियों ने उनके वाहन का पीछा किया और मौका देखकर मौजा बोंडरानी के शिवमंदिर के पास जंगल परिसर में वारदात को अंजाम दिया। 14 नवंबर 2026 को शाम करीब 5.30 से 6 बजे के बीच वर्षा तुरकर पर चाकू से पेट और पीठ पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
इस वारदात के बाद पुलिस थाना दवनीवाड़ा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया।
200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
हत्या के बाद स्थानीय अपराध शाखा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से लेकर तिरोड़ा, तिरोड़ा से खेरलांजी, खेरलांजी से वारासिवनी और वारासिवनी से बालाघाट और गोंदिया तक के मार्गों पर लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय जानकारी के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया गया।
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की मोटरसाइकिल और मृतका के परिचित नितेश अग्रवाल के वाहन की आवाजाही संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग 6 टीमें गठित कीं।
पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में लिया, दो अब भी फरार
स्थानीय अपराध शाखा और दवनीवाड़ा पुलिस की कार्रवाई में निम्न आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच के लिए पुलिस थाना दवनीवाड़ा के सुपुर्द किया गया है।
नामित आरोपीयों में इमरान करीम शेख (26 वर्ष) — संजयनगर, मुर्री, जिला गोंदिया, शाहरुख खान फिरोज खान पठाण (33 वर्ष) — सिंधी कॉलोनी, गोंदिया, कुणाल श्यामलाल कुंभलकर (31 वर्ष) — साई मंदिर के समीप, गोविंदपुर, गोंदिया और मोना नितेश अग्रवाल (41 वर्ष) — साई मंगलम लॉन के समीप, गोविंदपुर रोड, गोंदिया का समावेश है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अन्य दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच और आरोपियों की धरपकड़ की कार्रवाई की।
