गोंदिया के इतिहास, संस्कृति और विकास की झलक अब एक ही पुस्तिका में, ‘ओळख गोंदिया जिल्ह्याची’ का  जिलाधिकारी के हस्ते हुआ विमोचन

18 Views

 

गोंदिया। गोंदिया जिले की ऐतिहासिक विरासत, भौगोलिक विशेषताओं, सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और विकास की विविध उपलब्धियों को एक ही स्थान पर संकलित कर आम नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में जिला सूचना कार्यालय, गोंदिया की एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। जिला सूचना कार्यालय द्वारा तैयार की गई जानकारीपरक पुस्तिका ‘ओळख गोंदिया जिल्ह्याची’ का हाल ही में जिलाधिकारी मंदार पत्की के हस्ते प्रकाशन किया गया। वहीं, शुक्रवार शाम जिला सूचना कार्यालय में इस पुस्तिका का पुनः विमोचन इसमें योगदान देने वाले लेखकों के हस्ते किया गया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी अंजु निमसरकर, संपादक व पत्रकार खेमेन्द्र कटरे, अतुल दुबे, एस.एस. जायसवाल महाविद्यालय अर्जुनी मोरगांव के प्राध्यापक डॉ. शरद मेश्राम, अजय राऊत, डॉ. डी.एल. चौधरी, जिला परिषद के सूचना, शिक्षा एवं संवाद विशेषज्ञ अतुल गजभिये तथा छायाचित्रकार योगेश मेश्राम प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

‘ओळख गोंदिया जिल्ह्याची’ पुस्तिका जिले के बहुआयामी स्वरूप को तथ्यात्मक और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करने वाला एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें गोंदिया जिले की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना, जिले की विशिष्ट पहचान, यहां से प्रवाहित होने वाली नदियां, जलसमृद्धि, सिंचाई परियोजनाएं, वनक्षेत्र, वन्यजीव एवं अभयारण्य, महाराष्ट्र का एकमात्र तिब्बती कैंप, सारस पक्षी संरक्षण, कृषि क्षेत्र और औद्योगिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों को विस्तार से स्थान दिया गया है। इसके साथ ही जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों, तीर्थक्षेत्रों, देवरी स्थित एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना तथा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में गोंदिया जिले के नागरिकों के योगदान का भी उल्लेख किया गया है।

पुस्तिका में जिले की जनसंख्या, प्रति व्यक्ति आय, मानव विकास सूचकांक, साक्षरता दर, राजस्व उपविभाग, नगर परिषदों, नगर पंचायतों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों से संबंधित प्रशासनिक एवं सामाजिक आंकड़ों को भी समाहित किया गया है। जिले की समृद्ध खाद्य संस्कृति, पारंपरिक खानपान और ग्रामीण जीवनशैली को भी विशेष महत्व दिया गया है। वहीं, रानभाजी महोत्सव के माध्यम से स्वास्थ्य, परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलने वाली नई दिशा के साथ झाड़ीपट्टी क्षेत्र के प्रसिद्ध नाटकों एवं लोकनाट्य परंपरा को भी पुस्तिका में स्थान देकर जिले की सांस्कृतिक पहचान को रेखांकित किया गया है।

जिले की विभिन्न विशेषताओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुस्तिका की विषयवार और सुव्यवस्थित रूप से मांडणी की गई है। आकर्षक स्वरूप, गुणवत्तापूर्ण छायाचित्रों और विभिन्न विषयों पर आधारित जानकारीपूर्ण लेखों ने इसे विशेष पहचान प्रदान की है। विशेष रूप से विद्यार्थियों के लिए यह पुस्तिका उपयोगी साबित होगी, क्योंकि इसके माध्यम से उन्हें जिले की भौगोलिक, प्रशासनिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक जानकारी एक साथ उपलब्ध हो सकेगी। जिले के इतिहास, प्राकृतिक वैभव, विकास यात्रा और सांस्कृतिक समृद्धि को समझने के इच्छुक नागरिकों के लिए भी यह पुस्तिका एक महत्वपूर्ण संदर्भ सामग्री बनेगी। इस प्रकार ‘ओळख गोंदिया जिल्ह्याची’ केवल एक जानकारीपरक पुस्तिका नहीं, बल्कि गोंदिया जिले की पहचान, गौरवशाली विरासत और विकास की यात्रा को प्रस्तुत करने वाला एक समग्र परिचय दस्तावेज बनकर सामने आई है।

कार्यक्रम का प्रास्ताविक एवं संचालन जिला सूचना कार्यालय के उपसंपादक कैलाश गजभिये ने किया। कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला सूचना कार्यालय के कर्मचारी धम्मदीप बोरकर, तुषार उरकांदे, अतिक अंसारी एवं संतोष राऊत ने सहयोग प्रदान किया।

Related posts