धान उत्पादन बंपर, पर MSP दर पर खरीदी सीमा अपर्याप्त, सरकार अतिरिक्त 10 लाख क्विंटल धान खरीदी लक्ष्य बढ़ाये- विधायक राजकुमार बडोले

56 Views

 

मुंबई/गोंदिया : अर्जुनी-मोरगांव विधानसभा क्षेत्र के संकट से घिरे किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए विधायक राजकुमार बडोले ने राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल से मुंबई स्थित मंत्रालय में मुलाकात की। इस दौरान विधायक बडोले ने किसानों की दो महत्वपूर्ण मांगों को लेकर पत्र सौंपे।

इन मांगों में खरीफ सीजन 2025-26 में धान उत्पादन में हुई भारी वृद्धि को देखते हुए किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान बिक्री का लाभ दिलाने के लिए अतिरिक्त 10 लाख क्विंटल धान खरीद सीमा मंजूर करने तथा मक्का खरीद प्रक्रिया को तेज करने के लिए निजी गोदामों को किराये पर उपलब्ध कराने की प्रमुख मांग शामिल है।

धान खरीद सीमा बढ़ाने की मांग

अर्जुनी-मोरगांव, सडक अर्जुनी और गोरेगांव तहसील में खरीफ सीजन के दौरान धान का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है। औसतन 39 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन दर्ज किया गया है। लेकिन वर्तमान खरीद सीमा अपर्याप्त होने के कारण अनेक किसानों को MSP दर पर धान बेचने का अवसर नहीं मिल पा रहा है।

इसके चलते किसानों को निजी व्यापारियों को कम कीमत पर धान बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी पृष्ठभूमि में विधायक राजकुमार बडोले ने मंत्री छगन भुजबळ को पत्र सौंपते हुए अतिरिक्त 10 लाख क्विंटल धान खरीद सीमा तत्काल मंजूर करने की मांग की है।

पत्र में बडोले ने कहा कि किसानों की मेहनत का उचित मूल्य मिलना चाहिए। यदि वर्तमान खरीद सीमा बढ़ाई जाती है तो किसानों को MSP का लाभ मिलेगा और उन्हें आर्थिक नुकसान से राहत मिलेगी।

मक्का खरीद के लिए निजी गोदामों की मांग..

अपने दूसरे पत्र में विधायक बडोले ने अर्जुनी-मोरगांव और सडक अर्जुनी क्षेत्र के मक्का उत्पादक किसानों की समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मक्का उत्पादन हो रहा है, लेकिन सरकारी गोदामों की कमी और सीमित क्षमता के कारण खरीद प्रक्रिया बेहद धीमी गति से चल रही है। इससे किसानों को मक्का कम कीमत पर बेचनी पड़ रही है।
विधायक बडोले ने मांग की कि सरकारी गोदामों की कमी को देखते हुए निजी गोदामों को किराये पर लेकर खरीद प्रक्रिया को तेज किया जाए। उनका कहना है कि इससे खरीद अभियान में तेजी आएगी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा।

किसानों के हित में लगातार प्रयास..

विधायक राजकुमार बडोले लगातार किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के स्तर पर प्रयास करते रहे हैं। मंत्रालय में सौंपे गए दोनों पत्रों में उन्होंने किसानों की समस्याओं का तथ्यात्मक उल्लेख करते हुए जल्द निर्णय लेने की मांग की है।.विधानसभा क्षेत्र के किसानों ने भी उम्मीद जताई है कि इस मामले पर सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर उन्हें राहत प्रदान करेगी।
किसानों का कहना है कि विधायक बडोले ने जिन समस्याओं से सरकार को आगाह किया है उस पर सरकार ने शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।उम्मीद है कि इन दोनों मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला लिया जाएगा।

Related posts