गोंदिया: सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, शराब के पैसों को लेकर नौकर ने की ढाबा चालक की निर्मम हत्या..

542 Views

 

क्राइम रिपोर्टर।

गोंदिया। जिले के रावणवाड़ी थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। 19 मई की रात महाजन ढाबे पर सो रहे ढाबा चालक की उसी के नौकर ने शराब के लिए रुपये न देने व उसकी पिटाई करने पर गुस्से में आकर धारदार हथियार से उसकी निर्मम हत्या कर दी थी ये प्रारंभिक जांच में सामने आया है। हत्यारे को क्राइम ब्रांच टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मई 2026 को रावणवाड़ी निवासी दुर्गा राजकुमार हरिणखेडे ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति राजकुमार हरिणखेडे (40) की किसी अज्ञात व्यक्ति ने महाजन ढाबा, बोपचे पेट्रोल पंप के पीछे, धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर रावणवाड़ी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश पर एलसीबी गोंदिया की टीम जांच में जुटी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि महाजन ढाबे पर काम करने वाला महेश प्रकाश नेवारे (22), निवासी मुरपार, इस हत्या में शामिल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि वो शराब पीने का आदि है। अक्सर ढाबे पर शराब के लिए पैसे मांगता था। घटना वाली रात भी उसने मृतक से पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान मृतक ने आरोपी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे आरोपी के मन में गहरा गुस्सा भर गया।

आरोपी ने बताया कि रात में जब राजकुमार हरिणखेडे महाजन ढाबे पर सो रहा था, तब उसने पत्थर से उसके सिर पर, धारदार हथियार से गले पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में एलसीबी निरीक्षक पुरुषोत्तम अहेकर के मार्गदर्शन में महिला पुलिस उपनिरीक्षक वनीता सायकर, राजेंद्र मिश्रा, महेश मेहर, सुबोधकुमार बिसेन, संजय चव्हाण, इंद्रजीत बिसेन, रियाज शेख, संतोष केदाद, राकेश इंदुरकर, छगन विट्ठले, स्मिता तोंडरे, एवं चालक राम खण्डारे सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरोपी को आगे की कार्रवाई हेतु रावनवाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया।

 

Related posts