गोंदिया : जिले में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाली है। 25 मई से शुरू हो रहे “नवतपा” के दौरान सूरज आग उगलता नजर आएगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार नवतपा के नौ दिनों में तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं का असर अधिक रहेगा, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
गोंदिया जिले में पिछले कुछ दिनों से गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देने लगा है, जबकि बाजारों और चौक-चौराहों पर लोगों की आवाजाही कम हो रही है। तेज धूप और तपती हवाओं के कारण आम नागरिकों के साथ-साथ किसान, मजदूर और राहगीर सबसे अधिक परेशान नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार नवतपा के दौरान सूर्य की किरणें सीधे प्रभाव डालती हैं, जिसके चलते तापमान तेजी से बढ़ता है और लू चलने की स्थिति बनती है। देश के कई हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है गोंदिया में अधिकतम तापमान 44.9 दर्ज किया गया है। हिट वेव के चलते अलर्ट रहने की चेतावनी दे रहा है।
गोंदिया में भी दोपहर के समय गर्मी का असर अधिक महसूस किया जा सकता है। चिकित्सकों ने नागरिकों को दोपहर 12 से 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और लू लगने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
इधर, जिले में ठंडे पेय पदार्थ, गन्ने के रस, नींबू पानी और नारियल पानी की मांग बढ़ने लगी है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में किसान मानसून का इंतजार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि नवतपा के बाद मौसम में बदलाव शुरू होगा और प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
