भाजपा देश की ओबीसी जनता को गुमराह कर रही-कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले

437 Views

गोंदिया से मिशन विदर्भ की शुरुआत, आगामी जिप, पंस व विधानसभा चुनाव कांग्रेस अकेली लड़ेगी..

प्रतिनिधि। 06 जून
गोंदिया। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने आज 06 जून से विदर्भ मिशन दौरे की शुरुवात गोंदिया जिले से की। मिशन विदर्भ की शुरूआत के दौरान श्री पटोले ने पत्रकारों को संबोधित कर भाजपा पर जमकर प्रहार किया।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, भाजपा ने देश को तबाह कर दिया है। कांग्रेस ने जिन 60 सालों में उन्नति कर देश को खड़ा करने का कार्य किया उसे भाजपा की सरकार ने तबाह कर दिया है। मोदी सरकार ने जनता से झूठे वादे कर गुमराह करने का कार्य किया।
  उन्होंने कहा, भाजपा की मोदी सरकार ने देश को चीन का कचरा, चिता और चिंता दिखायी है। कोरोना जैसे संक्रमण को लाकर देश में लाशों का ढेर बिछा दिया है। सेंकड फेज के आने के पूर्व डब्ल्यूएचओ ने भारत को चेताया था, बावजूद देश के प्रधानमंत्री ने देश को कोरोनामुक्त बताकर कोई तैयारी नही की, जिससे देश मे हालात पहले से ज्यादा बिगड़ गए। दुनिया के कई देशों ने इस स्थिति को देखा, दुनिया के अखबारों में बदनामी हुई।
नाना पटोले ने कहा, कोविड जैसे संकट से राज्य बुरी तरह जूझते हुए संघर्ष कर रहा है, भाजपा ऐसे हालातो में भी सरकार को राजनीति कर काम नही करने दे रही है। कभी मराठा आरक्षण, कभी धनगर समाज तो ओबीसी आरक्षण का मुद्दा छेड़ जनता को गुमराह कर रही है।
श्री पटोले ने कहा, ओबीसी आरक्षण को खुद भाजपा खत्म करना चाहती है। सुप्रीम कोर्ट ने ओबीसी जनगणना के आंकड़े केंद्र सरकार से मांगे थे, पर केंद्र ने नही दिए। भाजपा के मंत्री कहते है कि हम ओबीसी जनगणना नहीं करेंगे और ना ही आंकड़े बताएंगे। इससे ये स्पष्ट होता है कि भाजपा खुद ओबीसी की जनगणना नही कराना चाहती। भाजपा खुद ओबीसी को गुमराह कर रही है।
नाना ने ये भी कहा, देश में पेट्रोल 30 रुपये व डीजल 22 रुपये लीटर खरीदा जा रहा है, बावजूद इसे सस्ता बेचने की बजाए 100 रुपये लीटर में बेचा जा रहा है। हम कल से सभी पेट्रोल पंप पर दरों की लिस्ट लगाकर सच्चाई दिखाएंगे की पेट्रोल में ज्यादा कर कौन ले रहा है। उन्होंने कहा श्री अटल बिहारी बाजपेई के कार्यकाल से रास्ता विकास टैक्स के नाम पर 1 रुपये प्रति लीटर टैक्स लिया जाता था जो मनमोहनसिंह के कार्यकाल तक चलता रहा। परंतु अब इस सरकार के कार्यकाल में 18 रुपये प्रति लीटर टैक्स वसूला जा रहा है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले ने प्रहार करते हुए कहा, खाद्य तेल के भाव आसमान में पहुँच गए है। 1200 का तेल 2400 रुपये हो गया है। फॉर्च्यून जैसा तेल अदानी कंपनी द्वारा महंगे दरों में लादा जा रहा है। बाहर से तेल पानी के जहाजो द्वारा आयतित होता है,  अधिकतर बंदरगाह अदानी के पास है। अदानी तेल को महंगा कर आम आदमी का तेल निकाल रही है।
अंत में नाना ने कहा, हम कांग्रेस को फिर से विदर्भ में मजबूत करने का प्रयास कर रहे है। कांग्रेस में अनेक लोग वापस लौटना चाह रहे है, हम उन्हें घर लाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देंगे।
पत्र परिषद में नाना पटोले के साथ कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे, विधायक अभिजीत वंजारी, विधायक सहसराम कोरोटे, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नामदेराव किरसान, प्रदेश सचिव अमर वरहाड़े, विनोद जैन, अशोक (गप्पू) गुप्ता, रत्नदीप दहिवले, कांग्रेस जिला महासचिव एड. योगेश अग्रवाल, युकां जिलाध्यक्ष आलोक मोहंती, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष परवेज बेग, किसान कांग्रेस के जितेश राणे, जहीर अहमद, राजीव ठकरेले, आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related posts