गोंदिया: दूरंतो एक्सप्रेस में करोड़ों का 1.24 किलो विदेशी सोना बरामद, दो संदिग्ध गिरफ्तार

239 Views

भंडारा-नागपुर के बीच RPF क्राइम ब्रांच और DRI की संयुक्त कार्रवाई; 1.96 करोड़ से अधिक कीमत के 7 सोने के बिस्किट और एक छड़ जब्त

नागपुर/गोंदिया, 13 अगस्त। हावड़ा-मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस में विदेशी सोने की तस्करी का प्रयास रेलवे सुरक्षा बल (RPF) क्राइम ब्रांच और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की संयुक्त कार्रवाई में विफल कर दिया गया। गाड़ी संख्या 12262 में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपए बताई गई है। बरामद सोने में 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, RPF क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को सूचना मिली थी कि दूरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और RPF क्राइम ब्रांच नागपुर एवं रायपुर की टीम ने DRI नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से ट्रेन में निगरानी और जांच अभियान शुरू किया।

संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच विभिन्न कोचों में सघन तलाशी ली। इसी दौरान भंडारा-नागपुर रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन के B-12 कोच में दो संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके कब्जे से विदेशी सोना बरामद हुआ। जांच में सोने का कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम और अनुमानित मूल्य 1,96,34,307 रुपए पाया गया।

कार्रवाई के बाद बरामद सोने और दोनों पकड़े गए व्यक्तियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए DRI नागपुर के सुपुर्द कर दिया गया। DRI ने मामले में Customs Act, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ के जरिए विदेशी सोने के स्रोत, गंतव्य और तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। नियमानुसार दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

RPF अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई विश्वसनीय सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया और RPF क्राइम ब्रांच तथा DRI के बीच प्रभावी समन्वय का परिणाम है। रेलवे के जरिए विदेशी सोने की तस्करी के प्रयास के इस मामले में आगे की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के सामने आने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

Related posts