भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत : SECR नागपुर मंडल के गोंदिया सहित विभिन्न स्टेशनों पर छाछ एवं शीतल जल वितरण..

20 Views

 

गोंदिया। ग्रीष्मकालीन भीड़ एवं लगातार बढ़ती गर्मी के बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों को राहत प्रदान करने हेतु विशेष सेवा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल के भंडारा, चांदाफोर्ट, छिंदवाड़ा, गोंदिया, कामठी एवं वडसा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के बीच निशुल्क छाछ एवं शीतल पेयजल का वितरण किया गया।

इस जनहितकारी पहल के अंतर्गत भंडारा स्टेशन पर गायत्री फूड्स की ओर से यात्रियों को छाछ वितरित की गई। वहीं कामठी स्टेशन पर पूजा सेल्स पार्किंग कॉन्ट्रैक्टर एवं ताजीम टी स्टॉल के सहयोग से यात्रियों के बीच छाछ वितरण किया गया।

गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 5/6 पर आने-जाने वाली गाड़ियों में VSS ग्रुप एवं DRUCC सदस्य श्री विनोद चांदवानी जी के सौजन्य से यात्रियों को निशुल्क छाछ वितरित कर गर्मी से राहत पहुंचाई जा रही है। इस दौरान विशेष रूप से सामान्य श्रेणी के कोचों में यात्रा कर रहे यात्रियों को छाछ एवं पानी उपलब्ध कराया गया, जिससे यात्रियों ने काफी संतोष व्यक्त किया।

भीषण गर्मी के बीच रेलवे एवं सामाजिक सहभागिता से किए जा रहे इस प्रयास की यात्रियों द्वारा सराहना की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह के निर्देशन में वाणिज्य विभाग द्वारा यात्रियों की सुविधा हेतु लगातार विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

 

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की यात्री-हितैषी एवं जनसेवा संबंधी पहलें निरंतर जारी रखी जाएंगी।

Related posts