250 Views
गुलाब लेकर दौड़े NSUI कार्यकर्ता को देख राहुल ने रोका काफिला, बोले-थैंक यू
गोंदिया, 01अक्टूबर।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर-बिरसा क्षेत्र में बैगा आदिवासी परिवारों से मिलने के लिए महाराष्ट्र के गोंदिया स्थित बिरसी हवाई अड्डे पहुंचे। बालाघाट के जगला गांव में बीमारी, कुपोषण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बच्चों की मौत के मामले को लेकर राहुल गांधी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
राहुल गांधी के बिरसी एयरपोर्ट पहुंचने पर महाराष्ट्र कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले, गोंदिया के पूर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल सहित कांग्रेस के अनेक नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल ने राहुल गांधी से गोंदिया जिले के लिए भी एक दिवसीय दौरा करने का आग्रह किया। उन्होंने जिले की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और मतदाता सूची जांच अभियान (SIR) सहित स्थानीय मुद्दों से राहुल गांधी को अवगत कराया।
राहुल गांधी के आगमन के दौरान बिरसी एयरपोर्ट पर एक दिलचस्प और भावुक क्षण भी देखने को मिला। राहुल गांधी का काफिला जब बालाघाट के लिए रवाना हो रहा था, उसी दौरान NSUI कार्यकर्ता गौरव बिसेन हाथ में गुलाब का फूल लेकर उनके वाहन के पास दौड़ते हुए पहुंचा। युवक को अपने वाहन के साथ दौड़ता देख राहुल गांधी ने काफिला रुकवाया और गाड़ी का दरवाजा खोलकर उससे गुलाब स्वीकार किया। राहुल गांधी ने गौरव से “Thank you” कहते हुए उसके स्नेह और जज्बात के लिए धन्यवाद दिया। इस अप्रत्याशित मुलाकात ने वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
