सांसद राजेन्द्र जैन, विधायक विनोद अग्रवाल ने दिए अत्यधिक लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ देने के निर्देश
18सितंबर|
गोंदिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अब शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सीधे पहुंचाने की कवायद तेज हो गई है। इसी उद्देश्य से गोंदिया विधानसभा क्षेत्र में 18 सितंबर को उपविभागीय अधिकारी कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों को लाभार्थियों को चिन्हित करने, लंबित प्रकरणों का निराकरण करने और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
![]()
बैठक में सांसद राजेंद्र जैन, विधायक विनोद अग्रवाल, एसडीओ चंद्रभान खंडाइत, तहसीलदार शमशेर पठान, अपर तहसीलदार श्रीकांत कांबले, पंचायत समिति सभापति मुनेश रहांगडाले, कृउबास सभापति चेतन बहेकार, जिला शल्य चिकित्सक पुरुषोत्तम पटले, चेतालीसिंह नागपुरे, छत्रपाल तुरकर, केतन तुरकर सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी एवं ग्रामीण अंचल के प्रमुख नागरिक उपस्थित रहे।
![]()
समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया गया कि अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र व्यक्ति को योजना से जोड़ना, आवेदन एवं दस्तावेजों में हुई त्रुटियों को दूर करना और जहां संभव हो वहां शासकीय सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है। सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं के लिए लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित करने और निर्धारित अवधि में अधिकतम पात्र नागरिकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।
![]()
पट्टे से लेकर जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र तक सेवाओं का लाभ
अभियान के तहत गोंदिया विधानसभा क्षेत्र में किसानों सहित आम नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन के पट्टे, फेरफार नोंद, 7/12 एवं 8-अ अभिलेखों को अद्यतन करना, स्वामित्व सनद, दिव्यांग प्रमाणपत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, विवाह पंजीयन, संपत्ति हस्तांतरण, नॉन-क्रिमिलेयर प्रमाणपत्र, शिधापत्रिका संबंधी सेवाएं, आधार से जुड़ी सेवाएं, वनहक्क दावे, नल एवं बिजली कनेक्शन तथा वरिष्ठ नागरिक प्रमाणपत्र जैसी सेवाओं को अभियान से जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है। महाराष्ट्र सरकार की अभियान संबंधी रूपरेखा में इन सेवाओं को ‘सेवा सेतू’ शिविरों के माध्यम से उपलब्ध कराने का उल्लेख है।
इसके अलावा किसानों से संबंधित अभिलेख एवं योजनाओं के प्रकरणों का निराकरण, पात्र लाभार्थियों को शासकीय योजनाओं से जोड़ना तथा आवेदन प्रक्रिया में आने वाली अड़चनों को दूर करना भी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी होगी।
![]()
सेवा के साथ जनभागीदारी पर भी जोर
‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित न रखते हुए महाराष्ट्र में विभिन्न जनसेवा एवं जनभागीदारी उपक्रम भी प्रस्तावित हैं। इनमें रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, जलसंधारण, कचरा वर्गीकरण, सड़क सुरक्षा, महिलाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता तथा डिजिटल साक्षरता जैसे उपक्रम शामिल हैं। स्थानीय निकायों को शिक्षा एवं करियर मार्गदर्शन, मतदाता जागरूकता तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ‘अंगणवाड़ी उत्सव’ के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, स्वयं सहायता समूहों से जोड़ना, बाल संरक्षण संबंधी जागरूकता तथा किशोरियों के स्वास्थ्य एवं एनीमिया जैसे विषयों पर जनजागरूकता कार्यक्रम अभियान का हिस्सा होंगे।
अभियान के व्यापक कार्यक्रमों में ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘आशीर्वाद का दिया’, रक्तदान शिविर तथा अन्य सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां भी शामिल हैं। ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से प्रशासन और नागरिकों के बीच की दूरी कम करते हुए स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर है।
15 अक्टूबर को होगा महाशिविर..
गोंदिया में हुई समीक्षा बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय 15 अक्टूबर को महाशिविर आयोजित करने का रहा। इस महाशिविर में अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा चिन्हित किए गए पात्र लाभार्थियों को एक ही स्थान पर शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। विभागवार लक्ष्य निर्धारित कर लाभार्थियों को चिह्नित करने तथा उनके प्रकरणों को महाशिविर से पहले तैयार करने की दिशा में अधिकारियों को काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान का मूल उद्देश्य शासन की योजनाओं को कागजों और कार्यालयों तक सीमित रखने के बजाय पात्र लाभार्थी तक वास्तविक लाभ पहुंचाना है। गोंदिया में हुई समीक्षा बैठक के बाद अब विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी तय हो गई है। ऐसे में 15 अक्टूबर का महाशिविर इस अभियान के तहत गोंदिया विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।
