गोंदिया। दुर्घटना में अपना एक पैर गंवाने के बाद चलने-फिरने में कठिनाई का सामना कर रहे जरूरतमंद युवक की मदद के लिए जनसेवा की पहल सामने आई। जनता के आमदार श्री विनोदजी अग्रवाल के कार्यालय में काटी-बिरसोला निवासी रोहित विजय राउत को बैसाखी भेंट कर उन्हें दैनिक जीवन में सहारा प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के काटी-बिरसोला निवासी रोहित विजय राउत कुछ समय पूर्व नागरा-कटंगी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनका एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। उपचार के दौरान चिकित्सकों को उनका एक पैर काटना पड़ा। इसके बाद से रोहित को चलने-फिरने और सामान्य दैनिक गतिविधियां करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
रोहित की आवश्यकता को देखते हुए सावितजी अग्रवाल, गोंदिया विधानसभा प्रमुख छत्रपालजी तूरकर, भाजपा जिला सचिव अशोकजी जयसिंघानी, पूर्व नगरसेवक सतीशजी मेश्राम, भाजपा NGO आघाड़ी जिला संयोजक विनोद चांदवानी (गुड्डू) एवं आनंद कालोया ने उन्हें बैसाखी भेंट की। इस पहल से दुर्घटना के बाद कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे रोहित को आवागमन में सहारा मिलने के साथ ही उनके दैनिक जीवन को कुछ हद तक सुगम बनाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरतमंद और दिव्यांग नागरिकों की सहायता करना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की जिम्मेदारी भी है। किसी व्यक्ति को कठिन परिस्थिति में सहारा देकर उसे आत्मनिर्भर बनने में सहयोग करना ही वास्तविक जनसेवा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद संघर्ष कर रहे रोहित को दैनिक जीवन में सुविधा मिल सके, इसी उद्देश्य से बैसाखी उपलब्ध कराई गई है।
