गोंदिया (प्रतिनिधि)। न्यू नागझिरा वन्यजीव अभयारण्य में ड्यूटी के दौरान भालू के हमले में वनपाल श्यामू शरणागत (45), निवासी तिरोड़ा, की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से वन विभाग में शोक की लहर है, वहीं वनक्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को उमरझरी प्रवेशद्वार क्षेत्र में वनपाल श्यामू शरणागत नियमित गश्त एवं ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान जंगल से अचानक एक भालू बाहर निकल आया और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में श्यामू शरणागत गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उनकी सहायता के लिए दौड़ लगाई, लेकिन तब तक उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा बचाव दल मौके पर पहुंचे। आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस दुखद घटना के बाद वन क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं। वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए वनरक्षकों एवं वनपालों को आधुनिक सुरक्षा उपकरण, आवश्यक संरक्षात्मक सामग्री तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली उपलब्ध कराने की मांग वन कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों द्वारा उठाई जा रही है।
वनपाल श्यामू शरणागत के निधन से वन विभाग ने एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को खो दिया है। उनके निधन पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न स्तरों से गहरा शोक व्यक्त किया जा रहा है।
