108 Views
गोंदिया। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा ताई अजितदादा पवार के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक एवं अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में गोंदिया जिला महिला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने तीव्र आक्रोश व्यक्त करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिला पदाधिकारियों ने कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला बताया।
बुधवार को गोंदिया स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद प्रफुल पटेल तथा सांसद राजेंद्र जैन के निर्देशानुसार जिला महिला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से “सार्वजनिक माफी मांगो” आंदोलन आयोजित किया गया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की।
इस अवसर पर जिला महिला राष्ट्रवादी कांग्रेस की अध्यक्ष राजलक्ष्मी तुरकर ने कहा कि प्रगतिशील महाराष्ट्र में महिलाओं का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। सुनेत्रा ताई अजितदादा पवार के विरुद्ध की गई टिप्पणी केवल उनका ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की प्रत्येक महिला का अपमान है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिराव फुले, राजर्षि शाहू महाराज और भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों की विरासत वाले महाराष्ट्र में महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि है।
राजलक्ष्मी तुरकर ने कांग्रेस पार्टी से मांग की कि वह इस आपत्तिजनक एवं अवमाननापूर्ण टिप्पणी के लिए महाराष्ट्र की समस्त महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस ने शीघ्र माफी नहीं मांगी, तो राष्ट्रवादी कांग्रेस महिला मोर्चा राज्यभर में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेगा।
