गोंदिया: चोरी कर छत्तीसगढ़ भागे 3 आरोपी दुर्ग से गिरफ्तार, 1की तलाश जारी..

424 Views

24 घंटे में शहर पुलिस की कार्रवाई, घर में घुसकर 2 लाख 72 हजार मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण व नकद पर किया था हाथ साफ

रिपोर्टर। 17मई

गोंदिया। गोंदिया शहर पुलिस ने घर में घुसकर की गई चोरी की वारदात के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को दुर्ग (छ.ग.) से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की शहर में सराहना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को शिकायतकर्ता श्रीमती गीता मुकेश तिवारी (52 वर्ष), निवासी सिविल लाइन, बीएसएनएल कार्यालय के पास, गोंदिया अपने परिवार के साथ बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का लॉक तोड़कर नकदी एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

चोरी हुए सामान में करीब 47 हजार रुपये नकद, सोने के जेवरात, चांदी के सिक्के, चांदी के कप, हार, पायल तथा अन्य कीमती सामान शामिल था। चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग 2 लाख 72 हजार 200 रुपये बताई गई है। मामले में गोंदिया शहर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (अ), 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।

चोरी के वारदात के मामले की जांच कर रहे पुलिस उपनिरीक्षक संजय तुपे एवं डीबी पथक को सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी रेलमार्ग से दुर्ग (छत्तीसगढ़) की ओर भाग रहे हैं। इसके बाद पुलिस निरीक्षक किशोर पर्वते के मार्गदर्शन में पुलिस टीम तत्काल दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंची और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की मदद से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में रितिक उर्फ अमन जगनाथ पाटिल (27 वर्ष), निवासी कामठी, नागपुर, बादल संजय संतापे (27 वर्ष), निवासी कामठी, नागपुर, सुनील दशरथ मेश्राम (48 वर्ष), निवासी कामठी, नागपुर को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की तो आरोपियों ने अपने साथी जाफर मुजफ्फर शेख उम्र 48 निवासी कामठी,नागपुर के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का कुछ माल भी बरामद किया है। वहीं फरार आरोपी जाफर मुजफ्फर शेख की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी रोहिणी बनकर के मार्गदर्शन में गोंदिया शहर के पीआई किशोर पर्वते के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक संजय तुपे, एवं पुलिस एवं डीबी पथक की टीम ने सरहानीय कार्य किया।

Related posts