आधी रात को आमदार विनोद अग्रवाल का सड़क आंदोलन, मृतक को न्याय दिलाने 3 बजे रात तक डटे रहे आमगांव-गोंदिया रोड पर..

886 Views

 

साइकिल सवार की क्रेन के टक्कर से मौत होने पर, खमारी ग्राम में रात को गर्माया था मामला..

प्रतिनिधि। 18 फरवरी
गोंदिया। साईकिल से अपने घर जा रहे तेजराम किरनापुरे नामक व्यक्ति को तेज व लापरवाही से हाइड्रा क्रेन चला रहे चालक ने टक्कर मार दी, जिससे साइकिल सवार की मौत हो गई। ये घटना 18 फरवरी के रात्रि करीब 9.30 बजे के दौरान गोंदिया से आमगांव मार्ग पर ग्राम खमारी के निकट घटी।

इस घटना से संतप्त नागरिकों ने क्रेन चालक को गिरफ्तार कर मृतक के परिवार को आर्थिक मुआवजा दिलाने की मांग की, पर क्रेन मालक के घटनास्थल पर ना आने से ये मामला और बिगड़ गया। घटना की खबर लगते ही विधायक विनोद अग्रवाल ने घटना स्थल पर पहुँचकर ग्राम के नागरिको की फरियाद सुनी एवं खुद गोंदिया-आमगांव मार्ग पर धरना आंदोलन में बैठ गए।

हादसे से क्षुब्ध विधायक अग्रवाल ने मृतक को न्याय दिलाने रात्रि 12.30 से सड़क पर बैठकर आंदोलन शुरू रख क्रेन मालक को पुलिस द्वारा लाने की मांग की, अन्यथा मृतक के शव को उठाने से इंकार कर दिया। इस घटना से पुलिस ने आश्वस्त कर क्रेन मालक की तलाश कर उसे घटनास्थल पर लाने का प्रयास किया।

शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया वही चालक की गिरफ्तारी के साथ ही वाहन के मालक ने पहुँचकर मृतक के परिजनों को 1 लाख की आर्थिक मदद की घोषणा की। विधायक विनोद अग्रवाल रात्रि करीब 3 बजे तक सड़क पर डटे रहे मृतक को न्याय मिलने के साथ ही आर्थिक मदद मिलने पर ही आंदोलन को स्थगित किया गया।

विधायक अग्रवाल ने कहा, एक आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति को क्रेन चालक द्वारा लापरवाही से वाहन चलाकर उसकी जान ले ली गई। परिवार का सहारा चला गया। ये बड़ी घटना है जिसकी भरपाई नही की जा सकती। मृतक के परिजनों के प्रति हमदर्दी व्यक्त कर विधायक विनोद अग्रवाल ने स्वयं 25 हजार की आर्थिक मदद का सहयोग प्रदान किया।

इस दौरान विधायक श्री अग्रवाल के साथ खमारी के पंस सदस्य कनिराम तवाड़े, तुमखेड़ा पंस सदस्य मुनेश रहांगडाले, खमारी सरपंच होमेन्द्र भाण्डारकर, जिप सदस्य शेखर वाडवे व अनेक नागरिक इस सड़क आंदोलन में मृतक को न्याय दिलाने डटे रहे। विधायक अग्रवाल को इस तरह आंदोलन करते पहली बार देखा गया, जो रात 3 बजे तक चला।

Related posts