सार्वजनिक नलयोजना से वंचित नागरिकों को राहत, घरेलू उपयोग के लिए बोरवेल खुदाई और पुराने बोरवेल की फ्लशिंग पर नहीं लगेगी रोक
गोंदिया। जिले में भूजल स्तर में लगातार गिरावट और आगामी ग्रीष्मकाल में संभावित जलसंकट की आशंका को देखते हुए गोंदिया के जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मंदार पत्की ने जिले में नए बोरवेल (बोरवेल/कूपनलिका) के खनन पर अगले आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है। जबकि जिले में बोरवेल खुदाई पर प्रतिबंध के आदेश के बीच आम नागरिकों को राहत दिलाने के लिए विधायक विनोद अग्रवाल ने जिलाधिकारी मंदार पत्की से भेंट कर घरेलू पानी के उपयोग के संकट से जूझ रहे नागरिकों के मामले को लेकर एक अहम बैठक बैठक की।
विधायक अग्रवाल ने उन नागरिकों की समस्या उठाई, जिनके क्षेत्रों में सार्वजनिक नलयोजना की सुविधा उपलब्ध नहीं है और जिन्हें अपने परिवार की घरेलू पानी की जरूरतों के लिए स्वयं जलस्रोत की व्यवस्था करनी पड़ती है। इस चर्चा के बाद घरेलू उपयोग के लिए बोरवेल खुदाई तथा पहले से मौजूद पुराने बोरवेल की फ्लशिंग (सफाई) को प्रतिबंध से छूट दी गई है। विशेष बात यह है कि इन दोनों कार्यों के लिए नागरिकों को अलग से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं होगी।
हालांकि, व्यावसायिक, औद्योगिक एवं अन्य प्रतिबंधित उद्देश्यों से बोरवेल खुदाई और मौजूदा बोरवेल को अधिक गहरा करने पर प्रतिबंध जारी रहेगा।
विधायक विनोद अग्रवाल की पहल से सार्वजनिक नलयोजना की सुविधा से वंचित परिवारों को अपनी घरेलू पानी की जरूरतों के लिए बड़ी राहत मिली है।
