छत्तीसगढ़ अध्ययन दौरे की रिपोर्ट का महाराष्ट्र में असर; 3,490 किसानों को अब तक 32.67 करोड़ रुपये का सीधे बैंक खातों में भुगतान
नागपुर। धान उत्पादक किसानों को उनकी उपज का पैसा पाने के लिए अब महीनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। महाराष्ट्र में धान खरीदी के बाद किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में भुगतान करने की नई व्यवस्था शुरू हो गई है। विधायक डॉ. परिणय फुके की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ के अध्ययन दौरे के दौरान सामने आए सफल धान खरीदी मॉडल का सकारात्मक परिणाम अब महाराष्ट्र में दिखाई देने लगा है।
महाराष्ट्र सरकार के अन्न, नागरी आपूर्ति एवं ग्राहक संरक्षण विभाग द्वारा विकसित की गई इस ‘डायरेक्ट पेमेंट सिस्टम’ (सीधे भुगतान प्रणाली) के तहत सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर धान बेचने के महज 3 से 5 दिनों के भीतर किसानों के बैंक खातों में राशि जमा की जा रही है।
इस व्यवस्था के तहत अब तक राज्य के 3,490 धान उत्पादक किसानों के बैंक खातों में कुल 32 करोड़ 67 लाख 44 हजार रुपये सीधे जमा किए जा चुके हैं। इससे किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है और आगामी कृषि सीजन की तैयारियों के लिए समय पर पूंजी उपलब्ध होने का रास्ता खुला है।
60 से 100 दिनों का इंतजार खत्म, अब 3 से 5 दिन में भुगतान!
गौरतलब है कि पहले सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर उपज बेचने के बाद किसानों को भुगतान के लिए 60 से 100 दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। इस देरी के चलते किसानों को बीज, खाद, खेतों की मशागत और अन्य कृषि जरूरतों के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार अपनी ही उपज की रकम पाने के लिए किसानों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर भी लगाने पड़ते थे।
लेकिन नई डिजिटल भुगतान प्रणाली ने इस पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तेज बना दिया है। अब किसानों को उनकी उपज का पैसा सीधे बैंक खाते में मिलने से बिचौलियों और भुगतान में होने वाली अनावश्यक देरी की समस्या से राहत मिल रही है।
48 घंटे में भुगतान का लक्ष्य, किसानों को और बड़ी राहत देने की तैयारी!
धान उत्पादक किसानों को और अधिक त्वरित आर्थिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अन्न एवं नागरी आपूर्ति विभाग ने भुगतान की अवधि घटाकर महज 48 घंटे करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है। यदि यह लक्ष्य हासिल होता है तो महाराष्ट्र के धान उत्पादक किसानों के लिए यह व्यवस्था और भी बड़ी राहत साबित होगी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में सफलतापूर्वक लागू धान खरीदी एवं सीधे भुगतान प्रणाली का अध्ययन कर उसी तर्ज पर महाराष्ट्र में व्यवस्था लागू करने की दिशा में विधायक डॉ. परिणय फुके की अध्यक्षता में किए गए प्रयास अब परिणाम देने लगे हैं।
किसानों को उनकी मेहनत और पसीने की कमाई का पैसा समय पर मिले, इस उद्देश्य से शुरू हुई यह व्यवस्था निश्चित रूप से धान उत्पादक किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण और राहतभरी पहल साबित हो रही है।
