गोंदिया। जिले के गंगाझरी थाना क्षेत्र में पुलिस वाहन और बाइक के बीच हुई भीषण भिड़ंत ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। दांडेगांव बस स्टैंड के पास रात करीब साढ़े दस बजे हुए इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता और इसमें पुलिस वाहन की संलिप्तता को लेकर इलाके में जबरदस्त आक्रोश फैल गया है। जिस पुलिस प्रशासन पर आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी के वाहन से तीन युवाओं की जिंदगी खत्म होने की घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगाझरी पुलिस थाने के वाहन ने दांडेगांव बस स्टैंड के समीप एक दुपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक संभलने तक का मौका नहीं पा सके और घटनास्थल पर ही उनकी सांसें थम गईं। इस हादसे में खळबंदा निवासी 17 वर्षीय रितेश बावनकर, 17 वर्षीय शिवप्रसाद कांबळे तथा तिरोड़ा तहसील के सेजगांव निवासी 20 वर्षीय कार्तिक बिसेन की असमय मौत हो गई। महज 17 और 20 वर्ष की उम्र में तीन युवाओं की जिंदगी का इस तरह अंत होना बेहद हृदयविदारक है। तीन घरों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर चक्काजाम करने का प्रयास किया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का सवाल है कि आखिर इस भीषण दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कौन है? पुलिस वाहन की रफ्तार क्या थी? टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध अब तक क्या कार्रवाई की गई? ग्रामीणों ने स्पष्ट मांग उठाई है कि मामले को दबाने के बजाय निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज किया जाए और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इधर, मृतकों के परिजनों ने गोंदिया में पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की है। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई, मृतक युवकों के परिवारों को उचित आर्थिक मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई है।
यह मामला महज एक सड़क दुर्घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस जवाबदेही, निष्पक्ष जांच और आम नागरिकों के विश्वास से जुड़ा गंभीर सवाल बन गया है। तीन नौजवानों की मौत का सच सामने आना चाहिए और जांच ऐसी होनी चाहिए, जिस पर पीड़ित परिवारों के साथ-साथ आम जनता भी भरोसा कर सके। वर्दी की गरिमा और कानून की विश्वसनीयता तभी कायम रह सकती है, जब कानून के रखवालों से जुड़े मामलों में भी जवाबदेही उतनी ही सख्ती से तय हो।
