GONDIA: “पहले राष्ट्र, फिर समाज; शिक्षा, संस्कार और जैविक खेती से बनेगा विकसित भारत : राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन”

104 Views

पोवार प्रगतिशील मंच ने किया राज्यपाल का भव्य अभिनंदन एवं सत्कार, शिक्षा, जैविक खेती, किसान कल्याण और नशामुक्त समाज का दिया संदेश

गोंदिया, प्रतिनिधि| उत्तराखंड के राज्यपाल पद पर मनोनीत होने के बाद प्रथम नगरागमन पर डॉ. ढालसिंह बिसेन का गोंदिया में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पवार प्रगतिशील मंच, गोंदिया की ओर से पोवार सांस्कृतिक भवन में आयोजित गरिमामय अभिनंदन समारोह में समाज के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंट कर राज्यपाल डॉ. बिसेन का आत्मीय सत्कार किया। इस अवसर पर पूरा समाज अपने गौरवशाली व्यक्तित्व के सम्मान में एकजुट नजर आया। उपस्थित समाजबंधुओं ने कहा कि डॉ. ढालसिंह बिसेन का देश के संवैधानिक सर्वोच्च पदों में से एक राज्यपाल पद तक पहुंचना संपूर्ण पोवार समाज के लिए गौरव, सम्मान और प्रेरणा का विषय है।

समारोह में राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन की धर्मपत्नी श्रीमती भानुमति बिसेन, पूर्व सांसद डॉ. खुशाल बोपचे, पूर्व सांसद शिशुपाल पटले, विधायक विजय रहांगडाले, पूर्व विधायक हेमंत पटले, पूर्व विधायक खोमेश्वर रहांगडाले, पोवार प्रगतिशील शिक्षण संस्था के अध्यक्ष सुरेश भक्तवर्ती तथा युटी बिसेन सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामय उपस्थिति रही।

उल्लेखनीय है कि डॉ. ढालसिंह बिसेन का सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन लंबे जनसेवा के अनुभव से समृद्ध रहा है। वे मध्यप्रदेश के सिवनी-बालाघाट लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं तथा बरघाट, सिवनी विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के साथ ही उन्होंने वित्त आयोग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। कृषक एवं चिकित्सक की पृष्ठभूमि से आने वाले डॉ. बिसेन को अब देश के 9वें राज्य उत्तराखंड के राज्यपाल की महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन ने कहा कि समाज को साथ लेकर चलने वाले लोगों का अपना विशिष्ट महत्व होता है। गोंदिया में पोवार समाज ने जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ उनका स्वागत किया है, उसके लिए वे हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल किसी व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली सामाजिक परंपरा, संस्कार और सामूहिक विरासत का सम्मान है।

गोंदिया के पोवार समाज की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यहां का समाज शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसके पीछे पूर्वजों, शिक्षाविदों और समाज के समर्पित कार्यकर्ताओं का वर्षों का संघर्ष और योगदान है। वर्ष 1976 से संचालित पोवार प्रगतिशील शिक्षण संस्था ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने संस्था के पूर्व अध्यक्ष मुन्नालाल चौहान के साथ अपने व्यक्तिगत परिचय का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व पदाधिकारियों ने संस्था की नींव को मजबूत किया और वर्तमान नेतृत्व भी उस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बेहतर कार्य कर रहा है। इस शैक्षणिक उपलब्धि पर उन्हें गर्व है।

डॉ. बिसेन ने समाज की प्रगति का वास्तविक मंत्र बताते हुए कहा कि समाज के श्रेष्ठ मूल्यों को केवल विचारों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने आचरण में उतारें। समाज की उन्नति तभी सार्थक होगी, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति आगे बढ़ेगा। कमजोर, वंचित और पिछड़े व्यक्ति को ऊपर उठाना, उसे सही दिशा देना तथा उसकी प्रतिभा को अवसर उपलब्ध कराना ही सामाजिक प्रगति का वास्तविक आधार है। उन्होंने कहा कि पोवार समाज सभी समाजों को साथ लेकर चलने की भावना में विश्वास रखता है और यही समरसता हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

कृषि और किसान कल्याण के विषय पर उन्होंने कहा कि किसानों के हित में किए जा रहे प्रयास अतुलनीय हैं। कृषि क्षेत्र में प्रगतिशील कार्य कर रहे किसानों की जिम्मेदारी है कि वे अपने अनुभव और आधुनिक तकनीकों का लाभ दूसरे किसानों तक भी पहुंचाएं। किसान केवल स्वयं समृद्ध न बने, बल्कि आसपास के किसानों को भी उन्नत खेती के लिए प्रेरित करे। इससे गोंदिया जिला कृषि क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने विशेष रूप से जैविक खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए रासायनिक खेती के बढ़ते दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अन्न के उत्पादन को जहरमुक्त बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम मिट्टी, पानी और खाद्यान्न को रसायनों से प्रदूषित करते रहे, तो आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य पर गंभीर संकट खड़ा होगा। उन्होंने जैविक खेती को प्रोत्साहित करने और सुरक्षित खाद्यान्न उत्पादन की दिशा में ठोस प्रयास करने का आह्वान किया।

देश के विकास और राष्ट्रीय दायित्वों पर अपने विचार रखते हुए राज्यपाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख किया। उन्होंने समाज के लोगों से राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि हमारे जीवन में राष्ट्र सर्वोपरि होना चाहिए। राष्ट्र के प्रति समर्पण, देशहित को प्राथमिकता और समाज के प्रति दायित्वबोध ही हमारी कार्यसंस्कृति का आधार होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि पहले देश, फिर समाज और व्यक्तिगत हितों का स्थान उसके बाद है।

शिक्षा को समाज के भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का आह्वान किया। अपने मध्यप्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान विद्यालयों की संख्या बढ़ाने, शिक्षा का विस्तार करने और विशेष रूप से बेटियों की पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया गया। आज मध्यप्रदेश में बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि शिक्षित पीढ़ी ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण करती है।

युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने की अपील करते हुए डॉ. बिसेन ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों को कमजोर करता है। आज मोबाइल का अत्यधिक उपयोग भी एक गंभीर लत का रूप लेता जा रहा है। आने वाली पीढ़ी को मोबाइल की अनावश्यक निर्भरता और नशे की अन्य प्रवृत्तियों से बचाना अभिभावकों एवं समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को संस्कार, अनुशासन, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना होगा, तभी एक स्वस्थ और सशक्त पीढ़ी का निर्माण संभव है।

समारोह में राज्यपाल डॉ. बिसेन के विचारों ने शिक्षा, सामाजिक समरसता, किसान कल्याण, जैविक खेती, नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का व्यापक संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजीव रहांगडाले एवं अजय रहांगडाले ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन हुपेन्द्र बोपचे ने किया। पोवार प्रगतिशील मंच के इस आयोजन ने समाज की एकजुटता, गौरवशाली परंपरा और सामाजिक चेतना का प्रभावी परिचय दिया।

Related posts