भूसे के ढेर में छिपा था करोड़ो का खजाना! नागपुर की सनसनीखेज लूट का बालाघाट में बड़ा खुलासा, खेत से मिले 3.28 करोड़ रुपये

186 Views

नागपुर में कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर 3.74 करोड़ की नकदी लूटने वाले गिरोह का कारनामा बेनकाब, आरोपी साले ने जीजा के खेत में भूसे के नीचे तीन बोरियों में छिपाई थी करोड़ों की रकम, अब भी 46 लाख रुपये लापता

बालाघाट/वारासिवनी। नागपुर में दिनदहाड़े नहीं, बल्कि तड़के अंजाम दी गई करोड़ों की सनसनीखेज सशस्त्र लूट की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लूट की रकम को पुलिस की नजरों से बचाने के लिए आरोपियों ने ऐसा ठिकाना चुना, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र के डोरली माल गांव में एक खेत में पैरे (भूसे) के ढेर के नीचे तीन बोरियों में भरकर छिपाए गए 3 करोड़ 28 लाख रुपये नागपुर पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि करोड़ों की यह नकदी आरोपी शुभम डहरवाल ने अपने जीजा दिनेश डहरवाल के खेत में छिपाकर रखी थी। इस बरामदगी ने नागपुर से बालाघाट तक फैले लूट के नेटवर्क और आरोपियों की सुनियोजित साजिश की परतें खोल दी हैं।

जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की तड़के नागपुर के तुलसीनगर इलाके में अनाज एवं फाइनेंस व्यवसाय से जुड़े व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों को निशाना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया था। हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों पर चाकू से हमला किया और नकदी से भरी एसयूवी लेकर फरार हो गए। लूटी गई रकम करीब 3 करोड़ 74 लाख रुपये थी। इतनी बड़ी रकम की सशस्त्र लूट ने नागपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जांच का दायरा बढ़ाया तो साजिश की कड़ियां बालाघाट जिले से जुड़ती चली गईं।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस लूटकांड को अचानक अंजाम नहीं दिया गया था, बल्कि इसकी बाकायदा योजना बनाई गई थी। आरोपियों शुभम डहरवाल, अजय यादव और रितेश मर्सकोले ने झूम कार ऐप के माध्यम से वाहन बुक कर व्यापारी के घर और उसकी गतिविधियों की रेकी की थी। पूरी तैयारी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया और करोड़ों की नकदी को सुरक्षित ठिकाने लगाने के लिए बालाघाट के डोरली गांव में पहुंचा दिया गया। यहां आरोपी शुभम ने अपने जीजा के खेत को करोड़ों की लूट का गुप्त खजाना बना दिया और पैरे के ढेर के नीचे तीन बोरियों में नकदी छिपा दी।

आरोपी शुभम डहरवाल से मिली जानकारी के आधार पर नागपुर पुलिस ने डोरली माल गांव में खेत की तलाशी ली। तलाशी अभियान के दौरान जब पैरे के ढेर को हटाया गया तो उसके नीचे छिपाई गई तीन बोरियों से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने कुल 3 करोड़ 28 लाख रुपये जब्त किए। भूसे के ढेर के नीचे छिपाई गई इस भारी-भरकम रकम की बरामदगी को लूटकांड की जांच में अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

हालांकि, इस सनसनीखेज बरामदगी के बाद भी लूट की पूरी रकम का हिसाब बाकी है। कुल 3 करोड़ 74 लाख रुपये की लूट में से 3 करोड़ 28 लाख रुपये पुलिस के हाथ लगे हैं, जबकि शेष 46 लाख रुपये अब भी रहस्य बने हुए हैं। आखिर यह रकम किसके पास है? क्या इसे अन्य आरोपियों ने कहीं और छिपाया है या फिर ठिकाने लगा दिया गया है? पुलिस के सामने अब इन सवालों के जवाब तलाशने की चुनौती है।

नागपुर की इस करोड़ों की लूट के तार बालाघाट के गांव तक पहुंचने और जीजा के खेत में इतनी बड़ी रकम मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, शेष रकम की बरामदगी और इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है। आने वाले दिनों में इस हाईप्रोफाइल लूटकांड से जुड़े और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है।

Related posts