गोंदिया: एयर होस्टेस का कत्ल! चार चाकू के वार, 3 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं

28 Views

गोंदिया | क्राइम रिपोर्ट

गोंदिया जिले के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोंडरानी गांव के समीप वैनगंगा नदी के किनारे हुए एयरलाइन कर्मचारी वर्षा तुरकर हत्याकांड ने पूरे विदर्भ और मध्यप्रदेश में सनसनी फैला दी है। एक ओर सुनसान जंगल में महिला पर चाकू से किए गए जानलेवा हमले की वारदात है, तो दूसरी ओर घटना के समय उसके साथ मौजूद पुरुष मित्र की कहानी और घटनाक्रम को लेकर उठ रहे सवाल हैं। अब इस सनसनीखेज हत्याकांड में कथित वित्तीय लेनदेन का नया एंगल भी सामने आया है। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि आखिर वर्षा की हत्या के पीछे लूटपाट थी, आपसी आर्थिक विवाद या फिर कोई गहरी साजिश?

जानकारी के अनुसार, पुणे में एयरलाइन से जुड़ी नौकरी करने वाली 35 वर्षीय वर्षा तुरकर दीपावली की छुट्टियों में अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले स्थित अपने मायके आई हुई थीं। 14 नवंबर की शाम वह गोंदिया निवासी अपने परिचित नितेश अग्रवाल के साथ कार से वैनगंगा नदी किनारे बोंडरानी के जंगल क्षेत्र में घूमने गई थीं। लेकिन यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।

कुछ ही घंटों बाद वर्षा खून से लथपथ हालत में मिलीं। उनके शरीर पर चाकू से किए गए चार गहरे घाव होने की जानकारी सामने आई। परिजनों को घटना की सूचना मिलने पर वे तत्काल घटनास्थल पहुंचे और वर्षा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चार वार वर्षा पर, पुरुष मित्र को खरोंच तक नहीं!

इस पूरे हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू घटना के समय मौजूद पुरुष मित्र नितेश अग्रवाल का सुरक्षित बच निकलना है। नितेश के कथित बयान के मुताबिक, तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला कर लूटपाट की कोशिश की और वर्षा पर चाकू से वार कर फरार हो गए।लेकिन इस कहानी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्षा के शरीर पर चाकू के चार गहरे घाव मिले, जबकि उनके साथ मौजूद नितेश को कोई चोट नहीं आई।

पुलिस भी घटना के समय मौजूद व्यक्ति के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है। उसके बयान में सामने आई विसंगतियों के चलते उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू की है।

नरेंद्र तुरकर ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

इस हत्याकांड को लेकर अब पोवार समाज के सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य नरेंद्र तुरकर भी सामने आए हैं। उन्होंने मामले की जांच में तेजी नहीं आने तथा हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी जताई है।

नरेंद्र तुरकर ने पुलिस अधीक्षक गोंदिया से मांग की है कि वर्षा तुरकर हत्याकांड की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। घटना के पीछे शामिल सभी व्यक्तियों और संभावित साजिशकर्ताओं का पर्दाफाश किया जाए तथा दोषियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाए।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि एक महिला की निर्मम हत्या के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जांच को हर पहलू से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

पुलिस के सामने कई अनसुलझे सवाल

वर्षा तुरकर की हत्या अब केवल एक सामान्य लूटपाट की वारदात नहीं रह गई है। घटनास्थल की परिस्थितियां, पुरुष मित्र का बयान, मृतका के शरीर पर मिले घाव, आभूषणों की स्थिति और अब सामने आया कथित आर्थिक लेनदेन जांच को कई दिशाओं में ले जा रहा है।

पुलिस द्वारा फॉरेंसिक टीम और श्वान दस्ते की मदद से घटनास्थल की जांच किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। वहीं पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के अनुसार, जांच से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों की सत्यता परखी जा रही है तथा सीसीटीवी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

मासूम बेटी के सिर से उठा मां का साया, न्याय की प्रतीक्षा में परिवार

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि वर्षा की ढाई साल की मासूम बेटी अब अपनी मां के स्नेह से हमेशा के लिए वंचित हो गई है। दीपावली की छुट्टियां मनाने मायके आई वर्षा की जिंदगी का इस तरह अंत हो जाएगा, इसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की थी।

फिलहाल गोंदिया पुलिस के सामने इस हत्याकांड की हर कड़ी को जोड़कर सच्चाई सामने लाने की चुनौती है। लूटपाट की कहानी के पीछे की हकीकत, कथित आर्थिक लेनदेन और घटना के समय मौजूद लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच ही इस रहस्य से पर्दा उठा सकती है।

Related posts