NAGPUR: गोंदिया टू मुंबई वंदे भारत से लेकर विभिन रेल समस्याओं को लेकर सांसद जैन ने उठाई आवाज

197 Views

 

गोंदिया|19 सितंबर,

क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के निराकरण को लेकर सांसद राजेंद्र जैन ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित मंडल स्तरीय बैठक में क्षेत्र की प्रमुख मांगें प्रभावी ढंग से रखीं। नागपुर के रामदासपेठ स्थित होटल तुली इम्पीरियल में आयोजित बैठक में सांसद प्रफुल पटेल के प्रतिनिधि के रूप में विधायक राजूभाऊ कारेमोरे भी उपस्थित थे।

बैठक में सांसद राजेंद्र जैन ने नागपुर–मुंबई वंदे भारत को गोंदिया तक विस्तारित कर गोंदिया–मुंबई वंदे भारत सेवा शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही क्षेत्र में नई ट्रेनों के संचालन तथा महत्वपूर्ण ट्रेनों के आवश्यक स्टॉपेज बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया।

सांसद ने आमगांव में मूक-माटी एक्सप्रेस एवं जनशताब्दी तथा सालेकसा में इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग रखी। इसके अलावा आमगांव, सालेकसा, तिरोड़ा, भंडारा और तुमसर में यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख ट्रेनों को ठहराव देने की मांग करते हुए क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर दिया।

उन्होंने गोंदिया मालधक्का को स्थानांतरित करने, तिरोड़ा रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने तथा गोंदिया के सिंगलटोली-आंबेडकर वार्ड अंडरपास की बदहाल स्थिति और बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग भी अधिकारियों के समक्ष रखी। भीमनगर रेलवे चौकी के स्थान पर आरओबी निर्माण तथा तुमसर-भंडारा क्षेत्र में आवश्यक ट्रेनों के स्टॉपेज का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।

गुदमा–प्रतापबाग नई रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों का मुद्दा भी सांसद जैन ने गंभीरता से रखा। उन्होंने प्रभावित किसानों को थेट खरेदी (Direct Purchase) के माध्यम से भूमि का उचित मुआवजा दिलाने तथा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।

सांसद राजेंद्र जैन ने कहा कि गोंदिया और आसपास के क्षेत्रों की बढ़ती यात्री आवश्यकताओं को देखते हुए रेल सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध एवं सकारात्मक कार्रवाई करने की अपेक्षा व्यक्त की।

इस बैठक में सांसद श्री संतोष पांडेय राजनांदगांव, सांसद राजेन्द्र जैन (गोंदिया), सांसद श्री बंटी विवेक साहू (छिंदवाड़ा), श्री श्याम कुमार दौलत बर्वे (रामटेक), डॉ. प्रशान्त यादवराव पडोले (भंडारा), श्री नामदेव किरसान (गढ़चिरोली–चिमूर), श्रीमती भारती पारधी (बालाघाट), श्रीमती सुमित्रा बाल्मिक (जबलपुर), श्रीमती माया चिंतामन इवनाते (नागपुर) सहित सांसद प्रफुल्ल पटेल के प्रतिनिधि विधायक राजू कारेमोरे सहित कुछ सांसदों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर श्री दीपक कुमार गुप्ता, मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष, उप-महाप्रबंधक (सामान्य) श्री समीर कान्त माथुर एवं नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts