गोंदिया: धासगड़ के झरने में डूबे दो युवक, एक का शव मिला; दूसरे की तलाश जारी

1,359 Views

 

प्रतिनिधि। 16 अगस्त

गोंदिया। जिले के चिचगड़ थाना क्षेत्र के धासगड़ स्थित पानी के झरने में 15 अगस्त को दो युवकों के डूबने की दर्दनाक घटना सामने आई। पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 3.30 से 3.45 बजे के बीच हुई। हादसे में बोपाबोड़ी (सौंदड़), तहसील सड़क अर्जुनी निवासी कृष्णा लखन कापगते (20) और हेतराम गुलाब सायाम (25) पानी में डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही चिचगड़ पुलिस, राजस्व विभाग, जिला आपदा प्रबंधन की खोज एवं बचाव टीम तथा स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और दोनों युवकों की तलाश शुरू की। लगातार चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान कृष्णा लखन कापगते का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरा युवक हेतराम गुलाब सायाम अभी भी लापता है।

आज दिनभर चले तलाशी अभियान के बाद अंधेरा होने के कारण खोज एवं बचाव कार्य रोक दिया गया है। अब कल सुबह 6 बजे से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। बचाव दल द्वारा झरने के पानी और आसपास के क्षेत्र में लापता युवक की तलाश की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद बोपाबोड़ी सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, लापता हेतराम के परिजनों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।

Related posts