465 Views
किसानों के हित में मुख्यमंत्री से रबी सीजन की धान खरीदी में लक्ष्य वृद्धि की मांग
प्रतिनिधि/गोंदिया
एक बार फिर संकट में फंसे धान उत्पादक किसानों की आवाज बनकर गोंदिया के विधायक विनोद अग्रवाल ने महाराष्ट्र सरकार से गुहार लगाकर रब्बी सीजन की धान खरीदी का सरकारी लक्ष्य त्वरित बढ़ाने की मांग की है।
गोंदिया जिला, जिसे ‘धान का कटोरा’ कहा जाता है, इस साल रब्बी हंगाम में अपेक्षा से अधिक धान उत्पादन कर चुका है। लेकिन विडंबना ये है कि सरकारी खरीदी का जो लक्ष्य तय किया गया है, वह इस बार किसानों की मेहनत और उत्पादन दोनों से काफी कम है।
विधायक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को दिए पत्र में स्पष्ट किया है कि कम लक्ष्य के कारण सरकारी सब-एजेंट संस्थाओं में भले ही धान खरीदी चालू हो गई हो, लेकिन कई किसानों के बिल बनाने में अड़चनें आ रही हैं। इसका सीधा असर किसानों की जेब और मनोबल दोनों पर पड़ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा, “जब धान उत्पादन अधिक है, और बाजार में दाम कम है– तब सरकार ही किसानों की एकमात्र उम्मीद है। ऐसे में खरीदी लक्ष्य कम रखना अन्याय है।”
उन्होंने कहा, मंडी में धान के कम दाम ने वैसे भी किसानों को परेशान कर रखा है। प्राइवेट व्यापारियों की ओर से खरीदी ना के बराबर है या बेहद कम दाम पर हो रही है। ऐसे में अगर सरकारी खरीदी का भी कोटा सीमित रहेगा, तो किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
मुख्यमंत्री से की इन मुद्दों पर मांग
✅गोंदिया जिले के लिए धान खरीदी का सरकारी लक्ष्य जल्द से जल्द बढ़ाया जाए।
✅किसानों को उनकी उपज का समुचित मूल्य मिल सके, इसके लिए खरीदी प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
✅मार्केटिंग फेडरेशन और उसकी सब-एजेंसीज़ को निर्देश दिए जाएं कि वे धान खरीदी में रुकावट न डालें।
उन्होंने कहा, अगर सरकार ने तुरंत लक्ष्य नहीं बढ़ाया, तो हजारों क्विंटल धान बिना खरीदी के खेतों में सड़ जाने की उम्मीद है। अब देखना ये है कि महाराष्ट्र सरकार इस मांग पर कितनी जल्दी संज्ञान लेती है और किसानों को राहत देती है या नहीं।