गोंदिया: आयकर कार्यालय को न.प. का अल्टीमेटम, 3 दिन में नही भरा प्रोपर्टी टैक्स तो होंगी बिल्डिंग सील

456 Views

 

प्रोपर्टी धारक टैक्स भरें, अन्यथा घर का फ्रिज, टीवी, बाइक, फोरव्हीलर आदि होंगी जब्त- टैक्स विभाग…

प्रतिनिधि।
गोंदिया। नगर पालिका अब फिर एक्शन मोड में दिखाई दे रही है। प्रोपर्टी टैक्स वसूली को लेकर नगर पालिका ने प्रोपर्टी धारकों को नया फरमान सुना दिया है। अगर प्रॉपर्टी टैक्स नही भरा तो इमारत सील होने के साथ ही, घर का फ्रिज, टीवी, बाइक, चार चाकी वाहन भी जब्त किया जा सकता है। इस कार्रवाई के फरमान से अब प्रोपर्टी धारकों के हाथ-पांव फूलने लगे है।

आज 8 फरवरी को नगर पालिका के टैक्स विभाग ने हरकत में आकर आयकर विभाग के कार्यालय को जब्ती नोटीस जारी किया है। आयकर विभाग पर प्रोपर्टी टैक्स के रूप में कुल 5 लाख 66 हजार 730 रुपये बकाया है। टैक्स विभाग ने नोटिस में 3 दिन की मोहलत दी है। 3 दिन में टैक्स न अदा करने पर इमारत को सील किये जाने का अलीमेटम दिया है।

इसके अलावा दो अन्य कार्रवाई में भीमराव टीकाराम खानोरकर का घर सील कर दिया गया। इनपर वर्ष 1993 से कुल 92 हजार 32 रुपये का प्रोपर्टी टैक्स बकाया है। इसी के साथ सेवंताबाई कंदीराम मसके का घर भी सील किया गया। इन पर 1993 से 22 हजार 7 रुपये का टैक्स बकाया था, जो नही भरा गया।

गौरतलब है कि नगर परिषद सीमान्तर्गत अनेकों निजी प्रतिष्ठान, शासकीय इमारतों, संस्थानों, स्कूलों, मकानों आदि पर करोड़ो रुपयों के बकाया प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को लेकर जिलाधिकारी गोंदिया के आदेश पर मुख्याधिकारी नगर परिषद गोंदिया द्वारा पिछले दिसम्बर माह से वसूली अभियान चलाया जा रहा है। अबतक इस टैक्स वसूली अभियान के तहत करीब साढ़े चार करोड़ का टैक्स नगर पालिका ने बाकायादारों से वसूल किया है वही अनेकों को टैक्स वसूली का सख्ती से नोटिस जारी कर उनके प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है। बाकायादारों से अबतक 45 प्रतिशत की वसूली प्राप्त हुई है, वही 55 प्रतिशत की वसूली हेतु अगले दो माह का लक्ष्य रखा गया है। जानकारी के तहत नगर पालिका ने 11 करोड़ की बकाया टैक्स वसूली निर्धारित की है।

आज की इस कार्रवाई को उपमुख्य अधिकारी व टैक्स विभाग प्रमुख विशाल बनकर, टैक्स अधिकारी प्रदीप घोडेसवार, श्यामभाऊ शेंडे, बबलू वाघमारे, अशोक पटले, दिनेश शुक्ला, किशोर ऊके, एस. यादव आदि अधिकारी व कर्मचारियों ने की।

Related posts