GONDIA: कोरणी घाट तीर्थस्थल के लिए सर्विस रोड को NHAI की मंजूरी

115 Views

सांसद प्रफुल्ल पटेल एवं सांसद राजेंद्र जैन के प्रयासों को मिली सफलता

गोंदिया। गोंदिया तालुका के ग्राम कोरणी घाट स्थित विठ्ठल-रुख्मिणी मंदिर तीर्थस्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या अब दूर होने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग से नए अप्रोच मार्ग (सर्विस रोड) के निर्माण को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मंजूरी प्रदान कर दी है। सक्षम प्राधिकारी द्वारा 6 अगस्त 2026 को प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

कोरणी घाट में वर्षभर धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। विशेष रूप से गणेशोत्सव और नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। नदी तट एवं विठ्ठल-रुख्मिणी मंदिर तक पहुंचने वाला वर्तमान मार्ग संकरा और खराब होने के कारण श्रद्धालुओं तथा स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नए मार्ग की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों, मंदिर ट्रस्ट एवं विभिन्न मंडलों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

इस समस्या को राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस, गोंदिया के जिलाध्यक्ष केतन तुरकर ने सांसद प्रफुल्ल पटेल एवं सांसद राजेंद्र जैन के संज्ञान में लाया और इसके लिए लगातार अनुसरण किया। इसके बाद दोनों सांसदों ने NHAI के संबंधित अधिकारियों से पत्राचार कर सर्विस रोड निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

इसी क्रम में NHAI की परियोजना क्रियान्वयन इकाई, छिंदवाड़ा द्वारा सर्विस रोड निर्माण के प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकारी से मंजूरी मिलने की जानकारी दी गई है। मंजूरी मिलने से अब निर्माण की दिशा में अगली तकनीकी प्रक्रिया का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

सांसद राजेंद्र जैन ने निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केतन तुरकर द्वारा विषय को प्रमुखता से उठाने और निरंतर प्रयास करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि नए सर्विस रोड के निर्माण से कोरणी घाट आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान भी सुविधा बढ़ेगी।

श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के लिए केतन तुरकर सहित क्षेत्रवासियों ने सांसद प्रफुल्ल पटेल एवं सांसद राजेंद्र जैन का आभार व्यक्त किया है।

Related posts