बालाघाट: नक्सली-पुलिस मुठभेड़, 1 नक्सली ढेर, 2 घायल

1,018 Views

बैहर थाना क्षेत्र के कान्हा बफर जोन-कालेज रोड के समीप मालखेड़ी गाँव में बीती रात घटी वारदात…

हकीक़त न्यूज।
बालाघाट। 6 नवंबर की रात करीब 9.30 से 10.30 के दौरान बैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत मालखेड़ी गाँव के बाहरी भाग में नक्सलियों की घेराबंदी कर रही पुलिस पार्टी और नक्सलियों में मुठभेड़ हो गई। इस घटना में दोनों तरफ से फायरिंग चली, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 1 महिला नक्सली की मौत हो गई, वही 2 नक्सली पुलिस फायरिंग से घायल होने की जानकारी सामने आ रही है।
   इस मामले पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए बालाघाट पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने जानकारी दी कि, बीती रात नक्सली 10 से 12 की संख्या में मालखेड़ी गाँव में जबरन अनाज, सामान लेने यहां आए थे। इसकी गोपनीय खबर प्राप्त होते ही पुलिस पार्टी ने घेराबंदी कर नक्सलियों को पकड़ने का प्रयास किया, परंतु उनके साथ दूसरी छोर में बैठे साथियों ने उन्हें पुलिस की जानकारी का सिग्नल देकर सावधान कर दिया। इस पर भागते हुए उधर से फायरिंग होने पर जवाबी कार्रवाई में पुलिस पार्टी ने फायरिंग की, जिसमें एक महिला नक्सली की मौत हो गई।
   उन्होंने बताया महिला नक्सली के शव के पास 12 बोर की बंदूक मिली, वही कुछ जगहों पर खाली कारतूस के खोके, खून के निशान, कीचड़ में फंसे जूते-चप्पल दिखाई दिए। अंदाजा लगाया जा सकता है कि नक्सली करीब दस से बारह की संख्या में होंगे, जिसमें संभवतः दो नक्सली घायल भी हुए। जिस नक्सली महिला की फायरिंग में मौत हुई है, वो पुराने रेकॉर्ड के अनुसार शारदा नामक नक्सली हो सकती है। इसकी आधिकारिक पुष्टि हेतु कार्रवाई चल रही है।

Related posts