गोंदिया: कार्तिक पूर्णिमा पर कोरनी (जिरुटोला) में भव्य यात्रा का आयोजन, मां गंगा महाआरती से गूंजेगा बाघनदी घाट

96 Views

शाहिरों व डंडारों के जंगी मुकाबले होंगे आकर्षण

24- 25 नवंबर तक हरिपाठ, हवन-पूजन, महाआरती और लोककला की प्रस्तुतियों से सजेगा यात्रा महोत्सव

गोंदिया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर गोंदिया जिले के एमपी-महाराष्ट्र सीमा स्थित बाघनदी घाट (कोरणी) पर धार्मिक आस्था, भक्ति, लोकसंस्कृति और पारंपरिक कलाओं का संगम देखने को मिलेगा। श्री विठ्ठल रुख्मिणी ट्रस्ट, कोरनी (जिरटोला) की ओर से 24 व 25 नवंबर 2026 तक विठ्ठल रुख्मिणी मंदिर परिसर, बाघनदी घाट, कोरनी (जिरुटोला), गोंदिया में दो दिवसीय भव्य यात्रा महोत्सव का आयोजन किया गया है। इस आयोजन में माँ गंगा महाआरती धार्मिक अनुष्ठानों के साथ महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश की पारंपरिक लोककलाओं, शाहिरी और डंडार संस्कृति को मंच प्रदान किया जाएगा। पिछले 34वर्षों से चली आ रही इस यात्रा को लेकर ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति की ओर से भव्य तैयारियां की जा रही हैं।
यात्रा के प्रथम दिन 24 नवंबर को सुबह 8 बजे विठ्ठल हरिपाठ भजन मंडल द्वारा हरिपाठ एवं भजन का आयोजन होगा। इसके पश्चात सुबह 10 बजे हवन-पूजन एवं धार्मिक विधि-विधान संपन्न होंगे। वहीं, शाम 7 बजे बाघनदी घाट पर मां गंगा महाआरती का आयोजन किया जाएगा। माँ गंगा महाआरती इस धार्मिक आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी, जिसमें श्रद्धालु भक्तों की सहभागिता के साथ घाट का वातावरण भक्तिमय होगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपनी आरती स्वयं लेकर आने का आग्रह किया है, ताकि सामूहिक आरती में सभी भक्त सहभागी बन सकें। महाआरती में हजारों दियो की रोशनी से घाट जगमगा उठेगा।
माँ गंगा महाआरती में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद प्रफुल पटेल, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र जैन, विधायक राजकुमार बडोले, विधायक विनोद अग्रवाल, विधायक गौरवसिंह पारधी, विधायक राजकुमार कर्राहे, जिप अध्यक्ष लायकराम भेंडारकर, उपाध्यक्ष सुरेश हर्षे, पंस सभापति मुनेश रहांगडाले, कृउबास सभापति चेतन बहेकार, जिप सदस्य नेहा केतन तुरकर, कृउबास उपसभापति धनंजयभाऊ तुरकर, नप सदस्य राज शुक्ला, लोकेश (कल्लू) यादव, पंस उपसभापति शिवलाल जमरे, नीरज उपवंशी, राजेश जमरे आदि की उपस्थिति रहेगी।
धार्मिक कार्यक्रमों के साथ यात्रा में पारंपरिक लोककला एवं मनोरंजन को भी विशेष महत्व दिया गया है। 24 नवंबर को शाहिरों का जंगी मुकाबला रात 8 बजे से आयोजित होगा, जिसमें मध्यप्रदेश के शाहिर विजय कटरे एवं विजय बीसेन अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोककला की छटा बिखेरेंगे। वहीं, 25 नवंबर को रात 8 बजे से डंडारों का जंगी मुकाबला आयोजित किया जाएगा। इसमें हरिविठ्ठल डंडार मंडल तथा आदर्श तरुण सेवा डंडार मंडल के कलाकारों के बीच प्रस्तुतियों का मुकाबला होगा। दोनों आयोजन ग्रामीण लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला और मनोरंजन के लिहाज से यात्रा के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
दो दिवसीय इस यात्रा महोत्सव के माध्यम से धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ ग्रामीण सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। शाहिरी और डंडार जैसी पारंपरिक कलाएं ग्रामीण अंचल की पहचान रही हैं, जिन्हें ऐसे आयोजनों के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाने और कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, नागरिकों एवं धर्मप्रेमियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाभ लेने तथा यात्रा की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
संस्था सचिव केतन शिवशंकर तुरकर ने इस कार्यक्रम में करीब 10 हजार से अधिक लोगो के उपस्थित होने की जानकारी पत्र परिषद में दी।
यात्रा आयोजन में अध्यक्ष गोवर्धन पटले, उपाध्यक्ष रामलाल उइके, सचिव केतन शिवशंकर तुरकर, कोषाध्यक्ष नूतनलाल तुरकर, सहसचिव टेकचंद तुरकर तथा सदस्य प्यारेलाल चौधरी, कौशल पटले, ओमप्रकाश ठाकरे, बलिराम उइके, विनोद तुरकर एवं सुखचंद चौहान सहित समस्त ग्रामवासी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।

Related posts