नागपुर रेल मंडल ने जून में रचा नया रिकॉर्ड, माल ढुलाई में 141 करोड़, रेल यात्रा में 31.66 करोड़ की राजस्व प्राप्ति

62 Views

 

प्रतिनिधि | नागपुर | 10 जुलाई 2026

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे) के नागपुर मंडल ने जून 2026 के दौरान यात्री परिवहन, माल ढुलाई, टिकट जांच एवं वाणिज्यिक आय के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन दर्ज किया है। मंडल ने बेहतर परिचालन, प्रभावी टिकट जांच अभियान और यात्री सुविधाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के चलते विभिन्न क्षेत्रों में राजस्व वृद्धि हासिल की है।

जून 2026 में नागपुर मंडल द्वारा कुल 1.61 मिलियन टन माल ढुलाई की गई, जिससे 141.79 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं 1,750 टन पार्सल लोडिंग के माध्यम से 30.92 लाख रुपये की आय अर्जित की गई।

यात्री यातायात के क्षेत्र में भी मंडल ने शानदार उपलब्धि हासिल की। जून माह के दौरान 2.50 मिलियन यात्रियों ने रेल यात्रा की, जिससे मंडल को 31.66 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। यह जून 2025 की तुलना में 21.21 प्रतिशत अधिक है, जो यात्रियों की बढ़ती संख्या और बेहतर सेवाओं का संकेत है।

इसके अलावा गैर-किराया राजस्व (एनएफआर) के अंतर्गत 30.98 लाख रुपये तथा कैटरिंग सेवाओं से 8.58 लाख रुपये की आय दर्ज की गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में अधिकारियों एवं टिकट जांच कर्मियों द्वारा ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट, अनियमित यात्रा तथा बिना बुक किए गए लगेज के कुल 34,849 मामले पकड़े गए, जिनसे 1.97 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेल परिसर में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई जारी रही। धूम्रपान के 71 मामलों में 22,200 रुपये तथा गंदगी फैलाने वाले 131 यात्रियों से 15,600 रुपये का दंड वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नागपुर मंडल का यह प्रदर्शन बेहतर परिचालन, सुदृढ़ राजस्व प्रबंधन और यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मंडल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Related posts