ब्रेकिंग न्यूज़: तिरोडा शहर के बीच सड़क में बीएसएफ जवान ने चलाई गोली, 1 घायल

1,049 Views
गोंदिया/तिरोडा।
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के तिरोडा शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सब्जी मंडी रोड पर हुई एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में बीएसएफ (BSF) के एक जवान ने आवेश में आकर अपनी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। इस वारदात में एक व्यक्ति घायल हो गया है। ​
जानकारी के अनुसार, तिरोडा के सब्जी मंडी रोड पर बीएसएफ के एक जवान और कुछ स्थानीय व्यक्तियों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि जवान ने गुस्से में आकर अपने वाहन की डिक्की से रिवाल्वर निकाली और सड़क पर गोली चला दी।
​जवान द्वारा चलाई गई गोली वहां पास में ही खड़े एक व्यक्ति की ठोड़ी को छूते हुए निकल गई। गनीमत रही कि गोली सीधे नहीं लगी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। ​इस सनसनीखेज वारदात के बाद सब्जी मंडी इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही तिरोडा पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के पीछे के असल कारणों की गहनता से जाँच कर रही है।

Related posts