870 Views
एक सप्ताह पूर्व आईपीएस शैलेश बलकवड़े संभाल चुके है कोल्हापुर पुलिस अधीक्षक का पदभार
प्रतिनिधि।
गोंदिया। जिले की प्रथम महिला जिलाधिकारी के रूप में 2 वर्ष तक सक्रिय भूमिका में रहकर अपने कर्तव्यों के तहत जिले में बेहतर कार्य करने वाली भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी डॉ. कादम्बरी बलकवड़े को कोल्हापुर महापालिका के आयुक्त पद पर नियुक्त किया गया है। डॉ. बलकवड़े ने गुरुवार 8 अक्टूबर के शाम के दौरान कोल्हापुर आयुक्त डॉ. मल्लिनाथ एस. कलशेट्टी से नए आयुक्त का पदभार स्वीकार किया।
गौरतलब है कि, कोल्हापुर महापालिका की नई आयुक्त डॉ. कादम्बरी बलकवड़े के पदभार स्वीकारने के एक सप्ताह पूर्व ही उनके पति आईपीएस शैलेश बलकवड़े कोल्हापुर के पुलिस अधीक्षक का पदभार पूर्व पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनव देशमुख से संभाल चुके है।

इसके पूर्व शैलेश बलकवड़े गड़चिरोली जिले के पुलिस अधीक्षक पद पर नियुक्त थे, वही उनकी आइएएस पत्नी डॉ. कादम्बरी बलकवड़े गोंदिया की जिलाधिकारी थी। अब दोनों को कोल्हापुर में इन पदों पर नियुक्त कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
विशेष है कि गोंदिया में जिलाधिकारी रहते हुए डॉ. कादम्बरी बलकवड़े ने कुशल प्रशासक बनकर बेहतर तरीके से प्रशासकीय कार्यो को अंजाम देकर शासन की योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुँचाने का कार्य किया। राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक स्तर पर अपनी कार्यशैली से सभी को महत्व देकर उनका समाधान किया। कोरोना संकट काल में बेहतर योजनाबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए गोंदिया जिले को संक्रमण से बचाने का कार्य किया और महाराष्ट्र का अंतिम छोर के इस जिले में उपचार में सुधार का सबसे अधिक उच्च अंक बढ़ाया। उन्होंने कोरोना संकट काल में बेहतर प्रशासक बनकर कई महीनों तक संक्रमन को गोंदिया जिले में फैलने से रोका। अनेकों संक्रमित क्षेत्रों के दौरे किये, कोविड सेंटरों में हर व्यवस्था पर ध्यानकेन्द्रित कर उसमें सुधार लाया।