GONDIA: मतदाता सूची पर दावे-आपत्तियों की समय सीमा बढ़ी; अब 26 अक्टूबर तक मिलेगा मौका

67 Views

 

अंतिम मतदाता सूची 16 नवंबर को होगी प्रकाशित, नाम-पते और अन्य विवरणों की जांच करने की निर्वाचन विभाग की अपील

गोंदिया, 14 अक्टूबर। महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत मसौदा मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज करने की समय सीमा बढ़ाकर 26 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लिए गए इस निर्णय से मतदाताओं को सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण जांचने तथा त्रुटियां होने पर आवश्यक सुधार के लिए आवेदन करने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। हालांकि, अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अंतिम सूची 16 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

निर्वाचन आयोग ने 14 मई 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित किया था। इसके बाद 12 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों के अनुसार, दावे और आपत्तियां दर्ज करने की समय सीमा बढ़ाई गई है। संशोधित कार्यक्रम के तहत 31 अगस्त से 26 अक्टूबर 2026 तक दावे-आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। वहीं, प्राप्त आवेदनों की जांच, नोटिस जारी करने और उनके निपटारे की प्रक्रिया 31 अगस्त से 10 नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।

उप कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजय अवधाने ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे मसौदा मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण समय रहते जांच लें। किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

Related posts